चेन्नई,(ईएमएस)। तमिलनाडु की प्रमुख विपक्षी पार्टी ऑल इंडिया अन्ना द्रविण मुनेत्र कजगम को एक और राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी की डिप्टी प्रोपेगैंडा सेक्रेटरी और अभिनेत्री गौतमी तडिमल्ला ने रविवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अपने पद से इस्तीफा दे दिया। गौतमी ने एआईएडीएमके महासचिव एडप्पडी के पलानिस्वामी को भेजे अपने इस्तीफा पत्र में कहा कि वह 14 जून से पार्टी के सभी दायित्वों से मुक्त हो रही हैं। उन्होंने मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि वह समाज सेवा के क्षेत्र में अधिक प्रभावी ढंग से योगदान देना चाहती हैं और इसी उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। 2024 में एआईएडीएमके में हुई थीं शामिल गौरतलब है कि गौतमी तडिमल्ला ने अक्टूबर 2023 में भाजपा से इस्तीफा देने के बाद 14 फरवरी 2024 को एआईएडीएमके का दामन थामा था। पार्टी में शामिल होने के बाद उन्होंने 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में राजापालयम सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी और टिकट की मांग भी की थी। हालांकि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि टिकट नहीं मिलने से उनकी नाराजगी बढ़ी और यह भी उनके इस्तीफे के पीछे एक प्रमुख कारण हो सकता है। एआईएडीएमके के लिए बढ़ती चुनौती गौतमी का इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब एआईएडीएमके के कई नेता और पदाधिकारी अन्य राजनीतिक दलों, विशेषकर सत्तारूढ़ दलों की ओर रुख कर रहे हैं। ऐसे में एक लोकप्रिय अभिनेत्री और प्रमुख महिला नेता का पार्टी छोड़ना संगठन के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हिदायत/ईएमएस 14जून26