14-Jun-2026
...


-दुर्घटना से जंगल में लगी आग, बुझाने अभियान किया गया शुरु वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी सेना का एक लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे जंगल में आग लग गई। पायलट ने दुर्घटना से पहले इजेक्ट कर लिया और उसे मामूली चोटें आईं हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह विमान रिमरॉक लेक के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जिसके बाद जंगल वाले इलाके में आग बुझाने के लिए तुरंत अभियान शुरू किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक कैलिफोर्निया स्थित मरीन कॉर्प्स एयर स्टेशन मीरामार से जुड़े एफ/ए-18 हॉर्नेट विमान की नियमित प्रशिक्षण उड़ान चल रही थी, तभी यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक यह लड़ाकू विमान मरीन एयरक्राफ्ट ग्रुप 11 और थर्ड मरीन एयरक्राफ्ट विंग का हिस्सा था, जिनका मुख्य बेस कैलिफोर्निया के मरीन कॉर्प्स एयर स्टेशन मीरामार में है। स्थानीय शेरिफ विभाग के अधिकारियों ने पायलट को सुरक्षित ढूंढ लिया। उसे हल्की चोटें आई थीं और जांच के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया। विमान दुर्घटना से ओकानोगन-वेनात्ची नेशनल फॉरेस्ट में झाड़ियों और जंगल में बड़ी आग लग गई। आग पर काबू पाने के लिए नैचेस फायर डिपार्टमेंट समेत कई फायरफाइटिंग हेलीकॉप्टर और लोकल एजेंसियां ​​मौके पर पहुंचीं। बता दें इससे पहले अप्रैल में अमेरिकी वायु सेना का एक एफ-15ई स्ट्राइक ईगल विमान ईरान ने मार गिराया गया था, जिसके बाद उसे ढूंढने और चालक दल को बचाने के लिए विशेष खोज एवं अभियान चलाया गया। विमान में मौजूद दोनों क्रू सदस्य सुरक्षित निकलने में सफल रहे। एफ-15ई एक दो-सीटर मल्टीरोल लड़ाकू विमान है, जिसमें एक पायलट और एक वेपन्स सिस्टम्स ऑफिसर होता है। उसी दिन एक अलग घटना में अमेरिकी वायु सेना का ए-10 थंडरबोल्ट हमला करने वाला विमान भी क्षेत्र में खो गया था। उसके पायलट को सुरक्षित बचा लिया था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक दोनों विमानों को संभवतः ईरानी हमले में निशाना बनाया गया था। ईरान ने दावा किया कि उसने एक अमेरिकी लड़ाकू विमान को मार गिराया है और एफ-15ई के मलबे की बताई जा रही कुछ तस्वीरें भी जारी कीं। हालांकि इन तस्वीरों की असलियत की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी। सिराज/ईएमएस 14जून26