क्षेत्रीय
14-Jun-2026
...


गुना (ईएमएस)। जिले के ग्रामीण क्षेत्र में सर्पदंश का एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां समय पर उपचार नहीं मिलने से 6 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार बच्ची को सुबह खेलते समय सांप ने डंस लिया था। बाद में उसकी तबीयत बिगड़ती गई और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार हिलगना निवासी रामनारायण लोधा की 6 वर्षीय नातनी हर्षिता लोधा को सुबह करीब 6 बजे घर के पास खेलते समय सांप ने काट लिया। परिजनों ने बताया कि खेत पर बने मकान के अंदर घुसे सर्प ने बच्ची को डंस लिया था। घटना के बाद परिजन घबरा गए और उसे तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय ग्राम बोरखेड़ा स्थित एक देव स्थल पर ले गए। बताया जाता है कि झाड़-फूंक और अन्य पारंपरिक उपायों में काफी समय निकल गया। इस दौरान बच्ची की हालत लगातार बिगड़ती रही। जब परिजन उसे अस्पताल लेकर रवाना हुए, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में बालिका ने दम तोड़ दिया। जानकारों का कहना है कि सर्पदंश के मामलों में हर मिनट महत्वपूर्ण होता है। यदि पीड़ित को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर एंटी-स्नेक वेनम उपचार उपलब्ध कराया जाए तो अधिकांश मामलों में जान बचाई जा सकती है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है तथा लोगों से सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल चिकित्सकीय उपचार लेने की अपील की जा रही है। - सीताराम नाटानी