14-Jun-2026
...


- वृद्धाश्रमों और महिला समूहों को कराया योगाभ्यास बिलासपुर (ईएमएस)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के तहत इस वर्ष की थीम योगा फॉर हेल्दी एजिंग (स्वस्थ वृद्धावस्था हेतु योग) के अनुरूप शनिवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर योग शिविरों का आयोजन किया गया। आयुष विभाग की पहल पर आयोजित इन कार्यक्रमों में वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का संदेश दिया गया। वृद्धजनों के लिए लगाया गया विशेष योग शिविर इसी क्रम में कल्याण कुब्ज वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष योग शिविर आयोजित किया गया। वृद्धजनों की आयु और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से बढ़ती उम्र में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है। माता की कुटिया में महिलाओं ने बढ़-चढक़र लिया हिस्सा बहतराई स्थित माता की कुटिया में भी योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में योग को अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई। योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न आसनों और प्राणायाम की विधियों का प्रदर्शन कर उनके लाभों के बारे में भी विस्तार से बताया। योग प्रशिक्षकों ने कराया अभ्यास कल्याण कुब्ज वृद्धाश्रम में योग प्रशिक्षक अविनाश दुबे और सतीश बररेट ने योग प्रशिक्षण प्रदान किया। वहीं बहतराई स्थित माता की कुटिया में लिली ठाकुर और रामेश्वर बरगाह ने महिलाओं एवं उपस्थित प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया। शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ योग क्रियाओं में हिस्सा लिया। आयुष विभाग चला रहा जागरूकता अभियान यह कार्यक्रम जिला कलेक्टर के निर्देशन और जिला आयुष अधिकारी डॉ. यशपाल सिंह ध्रुव के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। आयुष विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिलेभर में लगातार योग जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, ताकि समाज के हर वर्ग को योग के लाभों से जोड़ा जा सके। - 14 जून 2026