-हैदराबाद में सोनम वांगचुक हुए शामिल हैदराबाद,(ईएमएस)। युवाओं और छात्रों के संगठन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के बैनर तले रविवार को हैदराबाद और बेंगलुरु में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। हैदराबाद के इंदिरा पार्क स्थित धरना चौक पर आयोजित प्रदर्शन में प्रसिद्ध शिक्षाविद् और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक शामिल हुए। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए शिक्षा क्षेत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और छात्रों के हितों की रक्षा की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान प्रदर्शन स्थल पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी भी की गई। वहीं, बेंगलुरु में आयोजित प्रदर्शन में अभिनेता प्रकाश राज ने आंदोलन के प्रति समर्थन व्यक्त किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र, युवा और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके के अनुसार, यह अभियान शिक्षा से जुड़े मुद्दों और छात्रों की चिंताओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। संगठन का दावा है कि यह आंदोलन सोशल मीडिया पर शुरू हुआ था, लेकिन अब यह युवाओं के अधिकारों और शिक्षा सुधार की मांग को लेकर जमीनी अभियान का रूप ले चुका है। अपनी मांगों को लेकर सीजेपी पिछले नौ दिनों से देश के विभिन्न शहरों में प्रदर्शन कर रही है। इससे पहले आंदोलन की शुरुआत 6 जून को नई दिल्ली के जंतर-मंतर से हुई थी। इसके बाद 11 जून को पुणे, 12 जून को लखनऊ और 13 जून को अमृतसर में भी विरोध कार्यक्रम आयोजित किए गए। रविवार को हैदराबाद और बेंगलुरु में हुए प्रदर्शन इस अभियान की अगली कड़ी रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शिक्षा क्षेत्र में सुधार, छात्रों की समस्याओं के समाधान और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। वहीं, संगठन ने संकेत दिया है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में देश के अन्य शहरों में भी आंदोलन का विस्तार किया जाएगा। हिदायत/ईएमएस 14जून26