14-Jun-2026
...


- कार-ट्रक समेत पांच वाहन आपस में भिड़े; 5–6 किलोमीटर लंबा जाम, पुलिस और एनएचएआई ने संभाला मोर्चा बनासकांठा (ईएमएस)| उत्तर गुजरात के बनासकांठा जिले में पालनपुर-आबू नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बालाराम ब्रिज पर एर्टिगा कार और आइसर ट्रक समेत कुल पांच वाहन आपस में भिड़ गए। हादसा इतना भीषण था कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह हाईवे पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा था। इसी दौरान अचानक पांच वाहन एक-दूसरे से टकरा गए, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अमीरगढ़ पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के कारण पालनपुर-आबू नेशनल हाईवे पर करीब 5 से 6 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु करने की कार्रवाई शुरू की गई। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। - 14 जून