- कलेक्टर एवं एसपी ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित, हिन्द फौज सेना के एथलेटिक्स शिविर का भव्य समापन देवास (ईएमएस)। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से हिन्द फौज सेना द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन एथलेटिक्स प्रशिक्षण शिविर का समापन कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम में उत्साह एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ। हिन्द फौज सीएसएम जितेंद्र गोस्वामी ने बताया कि शिविर के अंतिम दिन आयोजित एथलेटिक्स चैंपियनशिप का शुभारंभ कलेक्टर ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने किया। इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में स्कूली खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में कलेक्टर ऋतुराज सिंह, पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद एवं जिला खेल अधिकारी सेना गाढारिया ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने कहा कि हिन्द फौज सेना द्वारा बच्चों को खेलों के लिए निःशुल्क मंच उपलब्ध कराना एक सराहनीय पहल है। वहीं पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण एवं निरंतर मेहनत के माध्यम से जीवन में सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी सेना गाढारिया, जावेद पठान, पम्मी मास्कोले, हिन्द फौज संचालक सुरेश शर्मा, कुमेर सिंह वर्मा, दीपिका बोरीवाल, हिन्द फौज शिक्षा संचालक श्रीजा अग्रवाल एवं रवि अग्रवाल, हिन्द फौज रक्तदान संचालक सीमा गिरी एवं विकास गिरी, हिन्द फौज योगा संचालक चंद्रशेखर तिवारी एवं मोना तिवारी, हिन्द फौज एथलेटिक प्रशिक्षक संचालक ताशीन शेख, हिन्द फौज एथलेटिक संचालक सृजनिका लोखंडे, अजय दायमा, आरती दायमा तथा हिन्द फौज थ्रोबॉल संचालक रीना पटेल सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच एवं अभिभावक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। ईएमएस/मोहने/ 14 जून 2026