अशोकनगर (ईएमएस)। जिले के देहात थाना क्षेत्र के हैदर गांव में रविवार सुबह 19 वर्षीय धनपाल रजक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नदी में मिला। युवक के चेहरे पर चोट के निशान थे और उससे खून बह रहा था। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसार, धनपाल रजक रविवार सुबह शौच के लिए घर से निकला था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उसका शव गांव के पास नदी में पानी के बीच पड़ा मिला। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने धनपाल की हत्या की है। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले धनपाल का एक बकरा चोरी हो गया था, जिसे लेकर गांव के कुछ लोगों से उसका विवाद हुआ था। परिजन बकरा चोरी और विवाद में शामिल लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर देहात थाने पहुंचे हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। धनपाल ने हाल ही में 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की थी और वह कॉलेज में प्रवेश लेने की तैयारी कर रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। ईएमएस/ मोहने/14 जून 2026