क्षेत्रीय
14-Jun-2026
...


जिला स्तरीय समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों को किया पुरस्कृत खरगोन (ईएमएस)। शांतिकुंज हरिद्वारा द्वारा आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा २०२५-२६ का जिला स्तरीय पुरस्कार समारोह गायत्री मंदिर में किया गया। इस अवसर पर परीक्षा में सहयोग देने वाले शिक्षकों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने ७८ परीक्षार्थियों के साथ ही ७५ शिक्षकों को सम्मानित किया। पुरस्कार स्वरुप नकद राशि, प्रमाण-पत्र और शील्ड प्रदान कर उनकी सराहना की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन मंडलाधिकारी रमेश राठौर ने गायत्री परिवार की सराहना करते हुए कहा कि, यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और धर्म से जोड़े रखने का सशक्त माध्यम साबित होगा। विशेष अतिथि मप्र शिक्षक संघ के लछीराम इंगले ने कहा कि इस सत्र में शिक्षक संघ भी इस परीक्षा में विद्यार्थियों की अधिक से अधिक सहभागिता बढ़ाने में सहयोग करेगा। विशेष अतिथि जोगीलाल मुजाल्दे, श्रीमती प्रमिला पटेल थे। परीक्षा के जिला संयोजक बीएस मंडलोई ने बताया कि परीक्षा नवंबर माह में आयोजित की गई थी, जिसमें करीब २८ हजार ७४१ बच्चों ने भाग लिया। ओम प्रकाश पाटीदार ने कार्यक्रम का उद्देश्य बताया। डॉ. सोहन गुर्जर ने भी अपने विचार रखे। संचालन करते हुए पारींद्र शर्मा ने बताया कि यह समारोह भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों को भारतीय मूल्यों से जोडऩे के उद्देश्य से प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। स्वागत भाषण विकास कुशवाह ने दिया। युवा संगीत सौरभ मोरे, दिव्यानी दीदी ने दिया। अतिथियों का स्वागत हीरालाल सोनी और रमेशचंद्र पाटीदार ने किया। पुरस्कार समारोह में हरिओम गुप्ता, जगदीश मंडलोई, नीरज जोशी, मनोज पाटीदार, एनके गुप्ता, संतोष पाटीदार, मोहन कुशवाह, योगेश पाटीदार का सराहनीय योगदान रहा। इन्हें किया पुरस्कृत समारोह में प्रांत में तृतीय स्थान हासिल करने वाले कृतज्ञ पाटीदार सहित गोगावां तहसील के २४, खरगोन तहसील के २७ विद्यार्थियों के अलावा प्राथमिक से महाविद्यालय स्तर के २७ प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। समारोह में ग्रीन वेली हा.से. स्कूल कानापुर, देवी अहित्या उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-१ और सांदीपनि हायर सेकेंडरी टेमला के प्राचार्य के साथ ही ७५ शिक्षकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक और शहर के प्रबुद्धजन उपस्थित थे, जिन्होंने इस पहल की सराहना की।