क्षेत्रीय
14-Jun-2026
...


इस तरह टक्कर हुई। शाजापुर (ईएमएस)। जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-52 पर तेज रफ्तार ट्रक और लकड़ियों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। भेरू डूंगरी के पास हुए इस हादसे में ट्रैक्टर चालक घायल हो गया। वहीं, टक्कर के कारण सड़क पर लकड़ियां बिखरने से हाईवे का यातायात कुछ देर के लिए पूरी तरह से थम गया। घटना के बाद ट्रक में सवार लोग मौके से फरार हो गए। लालघाटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत यह दुर्घटना रविवार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच घटी। जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली शाजापुर की एक टाल से लकड़ी लेकर किसी ढाबा संचालक को सप्लाई देने के लिए जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक मज्जू पिता रईस खान, निवासी शाजापुर, घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम फौरन मौके पर पहुंची। टीम के पायलट किरण और आरक्षक निलेश ने तत्परता दिखाते हुए घायल मज्जू खान को तुरंत शाजापुर के जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है। सड़क पर बिखरी लकड़ियां, लगा जाम टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरे लकड़ी के गुटके पूरे हाईवे पर बिखर गए। इसके चलते नेशनल हाईवे पर वाहनों की कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया। सूचना पर लालघाटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क से लकड़ियों को हटवाकर वाहनों की आवाजाही को एक बार फिर से सामान्य कराया।