क्षेत्रीय
14-Jun-2026
...


घाट एवं सीढ़ियों की सफाई कर अपशिष्ट का किया गया उठाव, जल संरक्षण का दिया गया संदेश कटनी (ईएमएस) । प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नगर निगम कटनी द्वारा जल स्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर निरंतर विशेष गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में रविवार को अंबेडकर वार्ड स्थित बाबा घाट में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान निगम के स्वच्छता मित्रों द्वारा घाट परिसर, नदी तट एवं सीढ़ियों पर फैली पूजन सामग्री, प्लास्टिक पन्नियों तथा अन्य अपशिष्ट पदार्थों की साफ-सफाई कर उनका व्यवस्थित रूप से संग्रहण एवं उठाव किया गया। सफाई कार्य के माध्यम से घाट क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने का प्रयास किया गया, जिससे आगामी वर्षा ऋतु में जल प्रवाह बाधित न हो तथा जल स्रोतों की स्वच्छता एवं गुणवत्ता बनी रहे। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान का उद्देश्य केवल जल स्रोतों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों में जल संरक्षण, जल स्रोतों के प्रति जिम्मेदारी तथा स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना भी है। अभियान के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे नदियों एवं घाटों में कचरा, प्लास्टिक अथवा पूजन सामग्री का विसर्जन न करें तथा जल स्रोतों को स्वच्छ रखने में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें। नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न घाटों, तालाबों एवं जल स्रोतों पर विशेष स्वच्छता एवं जन जागरूकता गतिविधियां संचालन के साथ ही अन्य विभिन्न माध्यमों से जल संरक्षण एवं संवर्धन के प्रयासों को गति प्रदान की जा रहीं है।