भारत आइए, हमारे साथ मिलकर काम कीजिए नई दिल्ली/पेरिस(ईएमएस)। प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की मौजूदगी में भारत इनोवेट्स 2026 कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने वैश्विक मंच से भारत की बदलती तकनीकी ताकत और दुनिया के प्रति इसके बढ़ते योगदान पर खुलकर बात की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत अब केवल उपभोक्ता नहीं रह गया है, बल्कि वह दुनिया की बड़ी समस्याओं का हल निकालने में एक प्रमुख कॉन्ट्रिब्यूटर के रूप में उभरा है। पीएम मोदी ने कहा, भारत इनोवेट्स दुनिया के लिए एक निमंत्रण है कि वे भारत के साथ मिलकर ग्लोबल इनोवेशन का अगला अध्याय लिखें। पीएम मोदी ने अतीत और वर्तमान की तुलना करते हुए कहा कि एक दशक पहले दुनिया भारत को सिर्फ टेक्नोलॉजी अपनाने वाले देश के रूप में देखती थी, लेकिन आज भारत दुनिया को टेक्नोलॉजी देने वाले देश के तौर पर उभरा है। पीएम मोदी ने फ्रांस में कहा, हम पार्टनरशिप चाहते हैं, जॉइंट रिसर्च चाहते हैं और इसके साथ लॉन्ग-टर्म कोलैबोरेशन चाहते हैं। उन्होंने कहा, मैं हर इन्वेस्टर और एंटरप्रेन्योर को इनवाइट करता हूं, आप भारत आइए, हमारे साथ मिलकर काम कीजिए। भारत में डिजाइन कीजिए, भारत में डेवलप कीजिए और दुनिया के लिए सॉल्यूशंस तैयार कीजिए। भारत-फ्रांस का रिश्ता खास प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और फ्रांस का रिश्ता सिर्फ व्यापार या रणनीतिक साझेदारी तक सीमित नहीं है। यह भरोसे, साझा सोच और साझा लक्ष्यों पर आधारित है। दोनों देश मिलकर दुनिया की कई बड़ी चुनौतियों का समाधान खोजने की दिशा में काम कर रहे हैं। मोदी ने कहा कि भारत इनोवेट्स भारतीय प्रतिभा और यूरोपीय निवेश को जोडऩे वाला मंच है। इससे भारतीय स्टार्टअप्स, युवा उद्यमियों और नए आइडिया को दुनिया के बड़े निवेशकों और विशेषज्ञों तक पहुंचने का मौका मिलेगा। भारत स्टार्टअप्स का बड़ा केंद्र प्रधानमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में 100 से ज्यादा स्टार्टअप्स शामिल हैं, लेकिन भारत में 2 लाख से ज्यादा स्टार्टअप्स काम कर रहे हैं। ये स्टार्टअप्स भारत के साथ-साथ दुनिया की अर्थव्यवस्था और तकनीकी विकास में भी योगदान दे रहे हैं। मोदी ने कहा कि दुनिया कई चुनौतियों से गुजर रही है, लेकिन हर चुनौती नए मौके भी लेकर आती है। क्वांटम कंप्यूटिंग, बायोटेक्नोलॉजी और अंतरिक्ष तकनीक जैसी नई तकनीकें आने वाले समय में दुनिया का भविष्य तय करेंगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में स्टार्टअप क्रांति चल रही है। देश के युवा नई सोच के साथ लोगों की समस्याओं का हल निकाल रहे हैं। भारत इनोवेशन का देश मैक्रों ने कहा कि भारत रिसर्च, इनोवेशन और तकनीकी विकास के क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। भारत हर साल यूरोप और अमेरिका को मिलाकर जितने इंजीनियर तैयार होते हैं, उतने इंजीनियर तैयार करता है। मैक्रों ने कहा कि अब सवाल यह नहीं है कि भारत इनोवेशन करता है या नहीं। सवाल यह है कि दुनिया में कौन भारत के साथ मिलकर इनोवेशन करेगा। उन्होंने कहा कि कुछ देश एआई मॉडल्स को सीमित करना चाहते हैं। लेकिन भारत और फ्रांस खुले, बहुभाषी और सहयोगी एआई मॉडल के पक्षधर हैं। मैक्रों ने नरेंद्र मोदी को स्वतंत्रता के बाद सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उनकी दृढ़ कार्यशैली, भारत की ताकत और नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है। मैक्रों ने इंटरनेशनल सोलर अलायंस, जैतापुर परमाणु परियोजना और एसएमआर तकनीक का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत और फ्रांस ऊर्जा आत्मनिर्भरता और जलवायु लक्ष्यों को हासिल करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। विनोद उपाध्याय / 14 जून, 2026