अंतर्राष्ट्रीय
14-Jun-2026


-गूगल के न्यूयॉर्क ऑफिस का वीडियो हुआ वायरल -आधुनिक सुविधाओं, हरियाली और आरामदायक माहौल ने सोशल मीडिया यूजर्स को किया प्रभावित न्यूयॉर्क,(ईएमएस)। दुनिया की अग्रणी प्रौद्योगिकी कंपनी गूगल का न्यूयॉर्क स्थित ऑफिस एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। भारतीय कंटेंट क्रिएटर अलबेली रितु द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में कंपनी के सेंट जॉन्स टर्मिनल कार्यालय की झलक देखने को मिली, जिसे देखकर कई लोगों ने इसे किसी लग्जरी मॉल या पांच सितारा होटल से कम नहीं बताया। वायरल हुए वीडियो में ऑफिस के विशाल लाउंज, आधुनिक इंटीरियर, आरामदायक बैठने की व्यवस्था, गेमिंग जोन और कर्मचारियों के लिए बनाए गए रिलैक्सेशन स्पेस को दिखाया गया है। वीडियो की शुरुआत में रितु कहती हैं कि ऑफिस में प्रवेश करते ही उन्हें ऐसा महसूस हुआ मानो वे किसी आधुनिक शॉपिंग मॉल में आ गई हों। ऑफिस परिसर में कर्मचारियों के लिए कई प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध हैं। वीडियो में कैफे, माइक्रो किचन और बड़े कैफेटेरिया को भी दिखाया गया है, जहां विभिन्न देशों के व्यंजन, स्नैक्स, कॉफी और अन्य पेय पदार्थ उपलब्ध हैं। हर फ्लोर पर बनाए गए माइक्रो किचन कर्मचारियों को किसी भी समय हल्के नाश्ते और पेय पदार्थ लेने की सुविधा देते हैं। 12वीं मंजिल में है खास आकर्षण वीडियो का सबसे आकर्षक हिस्सा 12वीं मंजिल पर बना आउटडोर वर्कस्पेस रहा। हरियाली से घिरे इस खुले कार्यक्षेत्र से न्यूयॉर्क शहर का शानदार दृश्य दिखाई देता है। यहां कर्मचारियों को प्राकृतिक वातावरण में काम करने का अवसर मिलता है, जिससे कार्यस्थल का अनुभव अधिक सहज और प्रेरणादायक बनता है। जिम और मसाज चेयर जैसी वेलनेस सुविधाएं इसके अलावा कार्यालय में जिम, योगा स्टूडियो, मसाज चेयर और अन्य वेलनेस सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। कंपनी का उद्देश्य कर्मचारियों को ऐसा माहौल उपलब्ध कराना है, जहां वे कार्य और व्यक्तिगत स्वास्थ्य के बीच संतुलन बनाए रख सकें। इस ऑफिस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई यूजर्स ने इसे “ड्रीम ऑफिस” बताया, जबकि अन्य ने कार्यालय के डिजाइन और सुविधाओं की प्रशंसा की। कुछ लोगों ने टिप्पणी की कि ऐसा कार्यस्थल कर्मचारियों की रचनात्मकता और उत्पादकता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। हिदायत/ईएमएस 14जून26