अंतर्राष्ट्रीय
15-Jun-2026
...


-जेएएसी के प्रमुख नेता ने ऑडियो मैसेज जारी कर मानवाधिकार संस्थानों से मांगी मदद करांची,(ईएमएस)। पाकिस्तान के कब्जे वाले पीओके में जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (जेएएसी) के प्रमुख नेता शौकत नवाज मीर ने छिपे हुए ठिकाने से एक ऑडियो मैसेज जारी किया है। इसमें उन्होंने पाकिस्तान की सेना और सुरक्षा एजेंसियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मीर का दावा है कि आंदोलन को कुचलने के लिए पूरे इलाके में दमन का बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। शौकत नवाज मीर ने स्थानीय लोगों, विदेशों में रह रहे कश्मीरी समुदाय और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संस्थाओं से मदद की अपील की है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान का सुरक्षा ढांचा और सैन्य प्रतिष्ठान आंदोलन को खत्म करने के लिए ‘संरचनात्मक आतंक’ और व्यापक हिंसा का सहारा ले रहा है। मीर के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियां जेएएसी की कोर कमेटी के सदस्यों के साथ-साथ उन परिवारों को भी निशाना बना रही हैं, जिन्होंने आंदोलन को आर्थिक या सार्वजनिक समर्थन दिया है। उन्होंने दावा किया कि रात के अंधेरे में घरों पर छापे मारे जा रहे हैं, संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा है और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। ऑडियो संदेश में उन्होंने कहा कि कई कार्यकर्ताओं को बिना किसी स्पष्ट प्रक्रिया के हिरासत में लिया गया है, जबकि बड़ी संख्या में लोगों को जबरन गायब कर दिया गया है। परिवारों को उनके ठिकाने और सुरक्षा के बारे में कोई जानकारी नहीं दी जा रही। मीर ने पीओके की मौजूदा स्थिति को मानवीय संकट बताया। उनका दावा है कि कोटली, नीलम और रावलाकोट जैसे इलाकों में हालिया झड़पों में कई स्थानीय लोगों की मौत हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अर्धसैनिक बलों को सार्वजनिक स्थानों पर जुटने वाले लोगों के खिलाफ सीधे घातक बल प्रयोग करने की छूट दी गई है। इस बीच सीमा क्षेत्र की निगरानी कर रहे शीर्ष खुफिया सूत्रों ने बताया कि हालात ने एक बार फिर दिखा दिया है कि इस इलाके पर इस्लामाबाद का सीधा और पूर्ण नियंत्रण है। पंजाब रेंजर्स और फेडरल कॉन्स्टेबुलरी जैसे भारी हथियारों से लैस बलों की तैनाती के साथ-साथ संचार और इंटरनेट सेवाओं पर बैन लगाया गया है। सूत्रों के मुताबिक इंटरनेट और मोबाइल सेवाएं बंद होने के कारण लोग बाहरी दुनिया तक अपनी बात पहुंचाने के लिए ऑडियो रिकॉर्डिंग और वैकल्पिक नेटवर्क का सहारा ले रहे हैं। उधर पाकिस्तान का सुरक्षा तंत्र आंदोलन को लेकर अलग नैरेटिव भी तैयार कर रहा है। सिराज/ईएमएस 15 जून 2026