राज्य
15-Jun-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली-एनसीआर को पश्चिमी विक्षोभ के असर से मिली राहत अब खत्म होती दिख रही है। अगले कुछ दिनों में पारा 40 डिग्री के पास जाने के आसार हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को दोपहर बाद या शाम के समय तेज धूल भरी आंधी और बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, तेज धूप के चलते अगले दो दिन में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। वहीं, सप्ताह भर में पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक भी पहुंच सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को शाम के समय तेज धूल भरी आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 38 से40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बता दें कि, भीषण गर्मी से बेहाल दिल्लीवाले पिछले कुछ दिन से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते थोड़ी राहत महसूस कर रहे हैं, लेकिन अब फिर से पारा चढ़ने वाला है। रविवार को भी दिल्ली के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक दिन पहले की तुलना में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पिछले दिनों पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में तेज धूल भरी आंधी और हल्की बारिश हुई थी। इसके चलते वायु मंडल में अभी भी काफी हद तक नमी बनी हुई है। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। शनिवार की तुलना में अधिकतम तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। - नई दिल्ली/ईएमएस/15/ जून /2026