- मोगरपाड़ा कार डिपो संपर्क मार्ग के लिए वन भूमि हस्तांतरण स्वीकृत मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई महानगर क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मुंबई मेट्रो-4 और मेट्रो-4ए परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है। सरकार ने ठाणे स्थित मोगरपाड़ा कार डिपो को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग के निर्माण हेतु 0.39 हेक्टेयर मैंग्रोव (कांदळवन) वन भूमि को हस्तांतरित करने की मंजूरी दे दी है। सरकारी आदेश के अनुसार, ठाणे तहसील के मोगरपाड़ा गांव के गट नंबर 30 में स्थित यह वन भूमि मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के मेट्रो पीआईयू विभाग को सौंपी जाएगी। इस भूमि का उपयोग मोगरपाड़ा कार डिपो तक पहुंचने के लिए आवश्यक एप्रोच रोड, स्पर लाइन और अन्य संबंधित बुनियादी ढांचा सुविधाओं के निर्माण में किया जाएगा। मुंबई मेट्रो-4 और 4ए परियोजना वडाला, मुलुंड, ठाणे, कासारवडवली और गायमुख जैसे प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण परिवहन परियोजना है। परियोजना पूरी होने के बाद पूर्वी उपनगरों और ठाणे क्षेत्र के लाखों यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि मेट्रो सेवा शुरू होने से सड़क यातायात का दबाव कम होगा, यात्रा समय में कमी आएगी और ईंधन की बचत के साथ-साथ वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि भूमि हस्तांतरण से पहले केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के नागपुर क्षेत्रीय कार्यालय से आवश्यक पर्यावरणीय और वन संबंधी मंजूरियां प्राप्त कर ली गई हैं। परियोजना को पहले सैद्धांतिक और बाद में अंतिम स्वीकृति देते समय कई पर्यावरणीय शर्तें लगाई गई हैं। इन शर्तों का पालन करना एमएमआरडीए के लिए अनिवार्य होगा। सरकार ने वन विभाग को परियोजना के प्रत्येक चरण की निगरानी करने के निर्देश भी दिए हैं ताकि पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन न हो। सरकारी आदेश में यह भी कहा गया है कि यदि परियोजना के दौरान निर्धारित पर्यावरणीय और वन संबंधी शर्तों का पालन नहीं किया गया, तो दी गई मंजूरी वापस लेने की कार्रवाई की जा सकती है। इससे परियोजना विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने का प्रयास किया गया है। - मुंबई की परिवहन व्यवस्था में महत्वपूर्ण कदम मेट्रो-4 और 4ए को मुंबई महानगर क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक परिवहन परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। मोगरपाड़ा कार डिपो तक पहुंच के लिए आवश्यक संपर्क मार्ग की मंजूरी मिलने से परियोजना के कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है, जिससे भविष्य में यात्रियों को आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। संजय/संतोष झा- १५ जून/२०२६/ईएमएस