गुटेरेस ने बातचीत को शांति समझौते तक ले जाने वाले पाक, कतर, तुर्की की तारीफ की जेनेवा,(ईएमएस)। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने अमेरिका और ईरान एक शांति समझौते की घोषणा का स्वागत किया है। इस समझौते में तत्काल और स्थायी युद्धविराम, होर्मुज को फिर से खोलने और आगे की बातचीत की रूपरेखा तैयार करने की व्यवस्था है। यह जानकारी संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता ने दी है। प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि यह संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में अहम कदम है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बयान में कहा गया है कि संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने शांति समझौते तक ले जाने वाली बातचीत का समर्थन करने में पाकिस्तान, कतर, मिस्र, सऊदी अरब, तुर्की देशों की रचनात्मक भूमिका की तारीफ की। प्रवक्ता ने कहा कि महासचिव गुटेरेस को उम्मीद है कि संबंधित पक्ष इस नई गति को आगे बढ़ाएंगे और संघर्ष के अंतिम समाधान की दिशा में अपने प्रयासों को दोगुना करेंगे। उन्होंने कहा है कि यूएन एक स्थायी और व्यापक शांति हासिल करने में संबंधित पक्षों का समर्थन करने के लिए तैयार है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि अमेरिका और ईरान के बीच एक समझौता हो गया है। इससे होर्मुज फिर से खुल जाएगा और अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी खत्म हो जाएगी। ट्रंप ने इसे बड़ी कामयाबी बताया है, क्योंकि महीनों के तनाव ने ग्लोबल एनर्जी मार्केट को हिला दिया था और एक बड़े क्षेत्रीय युद्ध का डर पैदा कर दिया था। ट्रंप ने एक पोस्ट में कहा कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के साथ समझौता अब पूरा हो गया है। सभी को बधाई! यह घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब दुनिया की नजर उस संकरे जलमार्ग पर टिकी हैं, जहां से दुनिया का काफी सारा समुद्री तेल व्यापार होता है। होर्मुज महीनों से वाशिंगटन और तेहरान के बीच तनाव का केंद्र रहा है और शिपिंग में रुकावटों के कारण ग्लोबल एनर्जी की कीमतों में उतार-चढ़ाव आया है। ट्रम्प ने कहा कि वे जलमार्ग को फिर से खोलने और संघर्ष में लगाए गए अमेरिकी नाकाबंदी को हटाने की अनुमति दे रहे हैं। उन्होंने लिखा कि मैं होर्मुज को बिना किसी शुल्क के खोलने की पूरी तरह अनुमति देता हूं और साथ ही अमेरिका की नौसैनिक नाकाबंदी को तत्काल हटाने की भी अनुमति देता हूं। सिराज/ईएमएस 15जून26