जबलपुर, (ईएमएस)। जबलपुर के देहात थाना क्षेत्र बरगी में नेशनल हाईवे क्रमांक 30 पर नर्मदा नदी के पुल पर सोमवार दोपहर लगभग एक बजे तेज रफ्तार डंपर की टक्कर में मोटर साइकल पर सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। मृतक आपस में पिता पुत्र बताए जा रहे है| इस संबंध में प्राप्त जानकारी अनुसार नेशनल हाईवे-30 के गौर पुलिस चौकी और बरगी थाना क्षेत्र के बीच पड़ने वाले नर्मदा नदी के पुल पर सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार डंपर क्रमांक एमपी34-जेड एफ-6543 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बरगी से आ रहे बाइक सवार युवकों व महिला को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई,वहीं बाइक में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही गौर चौकी प्रभारी नितिन पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हादसे में गंभीर रूप ले घायल महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। बताया जाता है कि दुर्घटना स्थल बरगी थाना क्षेत्र में होने के कारण मौके पर बरगी थाना का बल भी पहुंचा जिसने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया । मृतकों की शिनाख्ती के प्रयास किए जा रहे हैं। बताया जाता है कि युवक बरगी से गौर की ओर आ रहे थे। विस्तृत विवरण प्रतीक्षत है.... - 15 जून 2026/ 03.42