15-Jun-2026
...


धर्मसेना प्रमुख दुबे ने ट्रस्ट, विश्व हिंदू परिषद, बीजेपी और संघ पर लगाए गंभीर आरोप अयोध्या,(ईएमएस)। अयोध्या के राम मंदिर में दान के रुपयों के गबन को लेकर उठे विवाद के बीच सियासी और धार्मिक बयानबाजी तेज हो गई है। धर्मसेना प्रमुख और हिंदूवादी नेता संतोष दुबे ने राम मंदिर ट्रस्ट, विश्व हिंदू परिषद, बीजेपी और आरएसएस से जुड़े लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि राम मंदिर के नाम पर पारदर्शिता नहीं बरती जा रही और चढ़ावे के रुपयों से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक संतोष दुबे ने कहा कि यह रामनाम की नहीं, रामरत्न की लूट है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के करीबी बताए जाने वाले टुन्नू यादव, जो पहले ड्राइवरी थे, कुछ ही सालों में करोड़ों की संपत्ति के मालिक बन गए। दुबे ने दावा किया कि अयोध्या में उनका 60 कमरों का आलीशान मकान है, जिसमें लिफ्ट भी लगी हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी संपत्ति आखिर कैसे और किन संसाधनों से अर्जित की गई। उन्होने कहा कि चंपत ही रामजी के नाम पर चपत लगा रहे हैं। संतोष दुबे ने कटाक्ष करते हुए कहा कि बैंक की रखवाली चोर कर रहा है। वहीं महंत कमलनयन दास के बयान पर उन्होने कहा कि पहली बार अयोध्या का कोई संत अच्छी बात बोला है, कम से उनका जमीर जागा तो। मैं उनका समर्थन करता हूं। सबकुछ गंवाकर होश में आए। अंत भला तो सब भला। चंपत राय को हटा दिया जाए तो अब भी अयोध्या बच जाएगी। विश्व हिंदू परिषद के बारे में तो आप सब जानते ही हैं। दुबे ने कहा कि संघ परिवार के एक लोग को मैंने साइकिल खरीद कर दी थी। आज फॉर्च्यूनर से चल रहे हैं। दुबे ने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और नृपेंद्र मिश्रा पर भी गंभीर आरोप लगाए। हिंदूवादी नेता दुबे ने कहा कि अयोध्या में बाहरी लोगों का कब्जा हो गया है। अयोध्या की मर्यादा को विश्व हिंदू परिषद, बीजेपी और आरएसएस ने बर्बाद कर दिया। गुजरात लॉबी हावी हो गई है। माल काटता कोई है, बदनाम होते हैं अयोध्यावासी। ये दिन आएगा ऐसा नहीं सोचा था। राम मंदिर का चढ़ावा कहां गया। श्रद्धालु सोना-चांदी से लेकर रुपए चढ़ाते थे, सब कहां गए। इन लोगों ने भगवान राम को भी नहीं बख्शा। चंपत का चेला टुन्नू अरबपति हो गया। अयोध्या में धर्म के नाम पर लूट चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान पर बाहरी लोगों का प्रभाव बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण के बाद श्रद्धालुओं ने सोना, चांदी और बड़ी मात्रा में धनराशि चढ़ाई, लेकिन उस चढ़ावे का पूरा हिसाब सार्वजनिक नहीं किया गया। संतोष दुबे द्वारा लगाए आरोपों पर राम मंदिर ट्रस्ट, वीएचपी या संबंधित पक्षों की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में मामले की सच्चाई जांच और आधिकारिक तथ्यों के सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगी। सिराज/ईएमएस 15जून26