ग्वालियर ( ईएमएस ) | मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार भिण्ड जिले में तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर निरंतर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। इस शिविर में जिले के सैकड़ों ग्रामीणों एवं आम नागरिकों ने सहभागिता कर शासन की विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा पात्रतानुसार लाभ लिया। तीन दिवसीय शिविर में राजस्व, पंचायत, महिला एवं बाल विकास, कृषि, स्वास्थ्य सहित प्रमुख विभागों के स्टॉल संचालित रहे। बड़ी संख्या में शासकीय योजनाओं के नए आवेदन प्राप्त कर पोर्टल पर दर्ज किए गए तथा अनेक समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। जिले के सभी 13 नगरीय निकायों में कुल 1663 आवेदन दर्ज किए गए। जिसमें 1144 आवेदन स्वीकृत किए गए तथा 88 अस्वीकृत हुए। कुल 1232 आवेदनों का निराकरण किया गया तथा कुल लंबित आवेदन 431 हैं। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों की मौके पर ही जांच कर पात्र हितग्राहियों के आवेदन स्वीकृत किए गए। नागरिकों की समस्याओं को सुनते हुए त्वरित निराकरण की कार्रवाई भी की गई, जिससे लोगों को राहत मिली। कम्युनिटी हॉल मेला ग्राउंड के पास भिण्ड में आयोजित शिविर में मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद भिण्ड श्री यशवंत वर्मा ने सामाजिक न्याय पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित अन्य योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया। शिविर के दौरान प्राप्त शेष आवेदनों पर भी समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि कोई भी पात्र नागरिक शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।