क्षेत्रीय
15-Jun-2026
...


भोपाल (ईएमएस)। विश्व रक्तदाता दिवस 2026 के अवसर पर एम्स भोपाल के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन एवं ब्लड बैंक विभाग द्वारा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) एवं कैनकिड्स एनजीओ के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। ब्लड सेंटर, एम्स भोपाल में आयोजित इस शिविर में आईटीबीपी कर्मियों, विद्यार्थियों, रेजिडेंट डॉक्टरों, नर्सिंग अधिकारियों तथा एम्स कर्मचारियों सहित 60 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। कार्यक्रम एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर के संरक्षण में आयोजित हुआ। चिकित्सा अधीक्षक एवं ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग के प्रभारी विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) विकास गुप्ता, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. (मेजर) मयंक दीक्षित तथा आईटीबीपी की डॉ. दुर्गा भवानी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। स्वागत उद्बोधन में डॉ. आकांक्षा ने रक्तदान के महत्व और सुरक्षित रक्त उपलब्धता में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का भावनात्मक आकर्षण तब देखने को मिला जब कैनकिड्स एनजीओ के बच्चों ने रक्तदाताओं को हस्तनिर्मित धन्यवाद कार्ड भेंट किए। इस पहल ने रक्तदान को जीवन बचाने वाले महादान के रूप में रेखांकित किया। विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पोस्टर निर्माण एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। नियमित रक्तदाताओं, सिंगल डोनर प्लेटलेट्स (एसडीपी) दाताओं एवं शिविर आयोजकों को सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान स्वैच्छिक रक्तदान शपथ भी दिलाई गई, जिसमें प्रतिभागियों ने नियमित रक्तदान को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। एम्स भोपाल ने भविष्य में भी जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। हरि प्रसाद पाल /15 जून, 2026