- मांगलिक अवसरों पर किन्नर समुदाय द्वारा दुर्व्यवहार की शिकायतें बढ़ीं, टास्क फोर्स ने तय की मानक राशि इंदौर (ईएमएस)। शहर के पॉश इलाके निपनिया क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में मांगलिक अवसरों पर किन्नर समुदाय के कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से अत्यधिक ‘नेक’ की मांग और परिवारों के साथ किए जाने वाले अभद्र व्यवहार का मामला गरमा गया है। इस बढ़ती समस्या के स्थायी समाधान के लिए तुलसी नगर स्थित मां सरस्वती मंदिर परिसर में नवगठित वार्ड 36-37 टास्क फोर्स की एक आपात और महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के रहवासियों ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि कई मौकों पर कुछ टोलियों द्वारा नेक के नाम पर परिवारों पर मानसिक दबाव बनाया जाता है। शादी-ब्याह और बच्चों के जन्म पर सीधे 51 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक की मनमानी मांग की जाती है और न देने पर विवाद किया जाता है। इस पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से एक मानक राशि निर्धारित करने का बड़ा निर्णय लिया है। :: तय की गई नेक की सीमा, स्वेच्छा सर्वोपरि :: रहवासियों ने आपसी सहमति से तय किया है कि अब क्षेत्र में विभिन्न त्योहारों एवं सामान्य अवसरों पर घर आने वाले किन्नर समुदाय के लोगों को 100 रुपये से लेकर 201 रुपये तक नेक के रूप में दिए जाएंगे। वहीं, नए मकान के गृहप्रवेश अथवा मुहूर्त जैसे मांगलिक अवसरों पर यह राशि 1100 से 2100 रुपये और परिवार में नवजात शिशु के आगमन पर अधिकतम 1100 रुपये तक तय की गई है। टास्क फोर्स ने साफ किया कि इससे अधिक राशि देने अथवा न देने का अंतिम निर्णय पूरी तरह संबंधित परिवार की स्वेच्छा और सामर्थ्य पर निर्भर करेगा। :: विवाद होने पर सीधे पुलिस हेल्पलाइन 112 पर करें शिकायत :: बैठक में सुरक्षात्मक कदम उठाते हुए यह भी तय किया गया कि यदि कोई टोली निर्धारित राशि स्वीकार करने से मना करती है, घर के सामने हंगामा खड़ा करती है या किसी प्रकार का दुर्व्यवहार करती है, तो संबंधित परिवार को डरने की आवश्यकता नहीं है। वे तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही रहवासी त्वरित जमीनी सहायता के लिए वार्ड 36-37 टास्क फोर्स के सदस्यों से भी सीधे संपर्क कर सकते हैं। :: बैठक में यह रहे उपस्थित :: इस महत्वपूर्ण और अनुशासनात्मक बैठक में राजेश तोमर, संदीप जोशी, कृष्ण कुमार वर्मा, रुपेश शर्मा, संजय यादव, नारायण प्रसाद पगारे, रुपेश मालवीय, लकी रघुवंशी, शिव बहादुर सिंह, अमित त्रिवेदी, राकेश जायसवाल, गौरव डाबर, सचिन जैन, दुष्यंत शर्मा, विवेक शर्मा, अमोल पाटिल, महीप धींग सहित निपनिया क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों के प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में पीड़ित रहवासी उपस्थित थे। प्रकाश/15 जून 2026