:: ग्वालियर को 23 रनों से हराकर रीवा ने प्ले-ऑफ के लिए मजबूत किए कदम :: इंदौर (ईएमएस)। होल्कर स्टेडियम में सोमवार को मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग टी-20 सिंधिया कप के 28वें मुकाबले में रीवा जैगुआर्स ने ग्वालियर चीतास को 23 रनों से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रीवा ने अक्षत रघुवंशी और सागर सोलंकी के आतिशी अर्धशतकों की मदद से 6 विकेट पर 238 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में ग्वालियर की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 215 रन ही बना सकी। ग्वालियर ने अंतिम ओवरों तक कड़ी टक्कर दी, लेकिन आखिरी ओवर में रीवा के गेंदबाज नवीन सिंह चौहान ने लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट लेकर सनसनीखेज हैट्रिक जमाई और मैच पासा पलट दिया। नवीन ने मैच में सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए, जबकि रीवा के सागर सोलंकी (नाबाद 58 रन और 2 विकेट) को उनके बेहतरीन ऑलराउंड खेल के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। ग्वालियर के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन उनका यह फैसला रीवा के बल्लेबाजों ने मैदान के चारों ओर बाउंड्री लगाकर गलत साबित कर दिया। कप्तान पृथ्वीराज तोमर (15) के जल्दी लौटने के बाद अक्षत रघुवंशी ने मोर्चा संभाला। अक्षत ने मात्र 33 गेंदों पर 5 चौके और 3 गगनभेदी छक्के जड़कर 60 रनों की आतिशी पारी खेली। मध्यक्रम में अनंत वर्मा ने भी 19 गेंदों पर 44 रनों का योगदान देकर रन गति को थामने नहीं दिया। आखिरी ओवरों में सागर सोलंकी ने मैदान पर तबाही मचाते हुए महज 27 गेंदों पर 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 58 रन ठोककर टीम को 238 के सुरक्षित स्कोर तक पहुंचा दिया। ग्वालियर की ओर से कार्तिक परिहार ने 29 रन देकर 3 विकेट लिए। :: पार्थ चौधरी का पलटवार गया बेकार :: 239 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्वालियर की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही और पहले ही ओवर में कार्तिक परिहार (0) चलते बने। इसके बाद सलामी बल्लेबाज पार्थ चौधरी ने रीवा के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ना शुरू किया। पार्थ ने सिर्फ 27 गेंदों पर 6 चौके और 4 छक्के उड़ाते हुए 61 रनों की धुआंधार पारी खेली। कप्तान रजत पाटीदार (23 गेंद, 45 रन) और विकास शर्मा (31) ने भी मैच का रोमांच बनाए रखा। पुछल्ले बल्लेबाज अर्पित पटेल (30) अंत तक लड़े, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें सहारा नहीं मिला। ग्वालियर को आखिरी 6 गेंदों पर जीत के लिए 35 रनों की दरकार थी। रीवा के कप्तान ने गेंद पूरे मैच में एक भी ओवर न फेंकने वाले नवीन सिंह चौहान को थमाई। नवीन ने पहली ही गेंद पर सेट बल्लेबाज ईशान अफरीदी को अश्विन के हाथों कैच कराया। दूसरी गेंद पर आकाश रघुवंशी को अथर्व के हाथों झुलवाया और तीसरी गेंद पर सौम्य पांडे को कप्तान पृथ्वीराज तोमर के हाथों कैच कराकर अपनी स्पर्धा की पहली हैट्रिक पूरी की। हालांकि अगली तीन गेंदों पर सिंगल, चौका और छक्का जरूर लगा, लेकिन तब तक चीतों की कमर टूट चुकी थी। नवीन ने अपने इसी इकलौते ओवर में 11 रन देकर रीवा के लिए सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए। :: रीवा की चौथी जीत, ग्वालियर को तीसरी हार :: सिंधिया कप के इस रोमांचक मोड़ पर रीवा जैगुआर्स ने टूर्नामेंट में अपनी चौथी जीत दर्ज की है। रीवा ने अब तक खेले 6 मैचों में से 4 में जीत हासिल कर कुल 8 अंकों के साथ प्ले-ऑफ (सेमीफाइनल) की दौड़ में खुद को बेहद मजबूत कर लिया है। वहीं दूसरी ओर, लीग में उतार-चढ़ाव भरा सफर तय करने वाली ग्वालियर चीतास को 6 मैचों में यह तीसरी हार झेलनी पड़ी है। 6 अंकों पर ठिठकी ग्वालियर की टीम के लिए अब आगे की राह और चुनौतीपूर्ण हो गई है। :: संक्षिप्त स्कोर :: रीवा जैगुआर्स : 20 ओवर में 238/6 (अक्षत रघुवंशी 60, सागर सोलंकी 58 नाबाद, अनंत वर्मा 44; कार्तिक परिहार 3/29) ग्वालियर चीतास : 20 ओवर में 215/9 (पार्थ चौधरी 61, रजत पाटीदार 45, अर्पित पटेल 30 नाबाद; नवीन सिंह चौहान 3/11, सागर सोलंकी 2/35) प्रकाश/15 जून 2026