राज्य
15-Jun-2026
...


:: आयुक्त के निर्देश पर अमले ने संभाला मोर्चा, सड़क चौड़ीकरण के लिए दिनभर चली बड़ी कार्रवाई :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और प्रमुख मार्गों को चौड़ा करने के अभियान के तहत सोमवार को इंदौर नगर निगम ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। निगमायुक्त क्षितिज सिंघल के सख्त निर्देशानुसार, निगम के रिमूवल विभाग द्वारा गुटकेश्वर मंदिर से लेकर सदर बाजार मुख्य मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण के कार्य में बाधा बन रहे अवैध व अतिरिक्त निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान भारी पुलिस बल और निगम कर्मियों की मौजूदगी के चलते किसी भी अप्रिय स्थिति का सामना नहीं करना पड़ा और अभियान शांतिपूर्वक जारी रहा। सड़क चौड़ीकरण के इस प्रोजेक्ट को समय सीमा में पूरा करने के लिए निगम प्रशासन ने इस बार बेहद गंभीरता दिखाई। कार्रवाई की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर खुद अपर आयुक्त आकाश सिंह, प्रखर सिंह और अभय राजनगवंकर ने मोर्चा संभाल रखा था। अधिकारियों की सीधी निगरानी में रिमूवल अमले ने जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से सड़क सीमा में आ रहे पक्के ओटलों, बाउंड्री वॉल और दुकानों के आगे बढ़ाए गए शेड्स को ढहा दिया। कार्रवाई के दौरान प्रभावित क्षेत्र में कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही को डाइवर्ट भी किया गया ताकि आम जनता को असुविधा न हो। निगम अधिकारियों के मुताबिक, इस मार्ग पर लंबे समय से यातायात का दबाव बढ़ने के कारण जाम की स्थिति बन रही थी, जिसे देखते हुए सड़क चौड़ीकरण का निर्णय लिया गया था। बाधक निर्माण करने वाले भवन स्वामियों को पहले ही अपनी सीमाएं समेटने की हिदायत दी गई थी, जिसके बाद सोमवार को यह अंतिम कार्रवाई की गई। इस पूरी कार्रवाई के दौरान रिमूवल अधिकारी अंकेश बिरथरे, भवन अधिकारी श्रीमती पल्लवी पाल और रिमूवल सहायक बबलू कल्याणे सहित भारी संख्या में निगम का अमला और राजस्व विभाग की टीम मैदानी स्तर पर सक्रिय रही। अधिकारियों का कहना है कि बाधक निर्माण पूरी तरह साफ होते ही सड़क निर्माण का काम तेज गति से शुरू कर दिया जाएगा। प्रकाश/15 जून 2026