राज्य
15-Jun-2026
...


भोपाल(ईएमएस)। सेंटर फॉर रिसर्च एंड इंडस्ट्रियल स्टाफ परफॉर्मेंस (CRISP), भोपाल में सोमवार से प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू अपग्रेडेड आईटीआई (पीएम सेतु) कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय स्तर के पायलट प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस पहल के लिए क्रिस्प को देश के पहले ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (ToT) कार्यक्रम के आयोजन केंद्र के रूप में चुना गया है। कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के लगभग 40 आईटीआई प्रशिक्षकों को दो चरणों में उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहले चरण में 15 से 19 जून तक 23 प्रशिक्षकों को मेकाट्रॉनिक्स विषय का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जबकि दूसरे चरण में 22 से 26 जून तक इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन पर प्रशिक्षण आयोजित होगा। उद्घाटन सत्र में कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार के रीजनल डायरेक्टर अभय अरुण महिषी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर क्रिस्प के निदेशक अमोल वैद्य सहित संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी एवं फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे। अमोल वैद्य ने कहा कि तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षकों का निरंतर कौशल उन्नयन आवश्यक है। वहीं अभय अरुण महिषी ने कहा कि रोबोटिक्स, ऑटोमेशन, मेकाट्रॉनिक्स और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) जैसे क्षेत्रों में तेजी से हो रहे बदलावों को देखते हुए प्रशिक्षकों का अद्यतन ज्ञान बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि पीएम सेतु योजना के तहत देश के 1000 सरकारी आईटीआई संस्थानों को आधुनिक तकनीकों, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और उद्योग आधारित पाठ्यक्रमों से सशक्त बनाया जाएगा। यह पहल देश में कौशल विकास को नई दिशा देने और युवाओं को रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। हरि प्रसाद पाल / 15 जून, 2026