राज्य
15-Jun-2026


मई माह में टाइम ऑफ डे टैरिफ के तहत मिला 8 करोड़ 41 लाख 52 हजार की छूट का लाभ भोपाल(ईएमएस)। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यक्षेत्र के भोपाल, नर्मदापुरम, ग्‍वालियर एवं चंबल संभाग अंतर्गत आने वाले 16 जिलों के स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए मई का महीना राहत लेकर आया है। कंपनी द्वारा स्‍मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को टाइम ऑफ डे (ToD) टैरिफ व्यवस्था के तहत सोलर ऑवर (सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक) में बिजली की खपत पर 20 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की गई है। इस टाइम ऑफ डे (ToD) टैरिफ व्यवस्था के तहत कंपनी कार्यक्षेत्र में कुल 8 लाख 17 हजार 302 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को मई माह के बिजली बिल में 8 करोड़ 41 लाख 52 हजार रुपये की छूट का सीधा लाभ मिला है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे आधुनिक तकनीक को अपनाएं और अपने परिसरों में स्मार्ट मीटर लगवाने हेतु आगे आएं। स्मार्ट मीटर न केवल ऊर्जा संरक्षण में सहायक हैं, बल्कि यह उपभोक्ताओं को अपनी खपत के प्रति जागरूक कर आर्थिक लाभ भी दिला रहा है। स्मार्ट मीटर हर 15 मिनट में बिजली खपत का सटीक डेटा रिकॉर्ड करते हैं और खपत का डेटा स्वचालित रूप से बिलिंग सर्वर को प्राप्त होता है, जिससे मानवीय हस्तक्षेप की गुंजाइश नहीं रहती और पारदर्शिता सुनिश्चित होती है। स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ता अपने बिजली उपयोग के समय को प्रबंधित कर टाइम ऑफ डे टैरिफ जैसी सुविधाओं का लाभ उठाकर अपने बिलों में बचत कर सकते हैं। स्‍मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को सोलर ऑवर (सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक) अवधि के दौरान उपयोग की गई ऊर्जा के लिए ऊर्जा प्रभार की सामान्य दर पर 10 किलोवाट तक स्वीकृत लोड/अनुबंध मांग वाले उपभोक्‍ताओं को 20 प्रतिशत की छूट प्रदान की जा रही है। स्‍मार्ट मीटर के संबंध में उपभोक्‍ता किसी भी जानकारी अथवा शिकायत के निराकरण हेतु कॉल सेन्‍टर 1912 अथवा नोडल अधिकारी कैलाश कुमार चौधरी, प्रबंधक(स्‍मार्ट मीटरिंग सेल) से ईमेल आईडी Smartmeteringcellbhopal@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है। हरि प्रसाद पाल / 15 जून, 2026