मौके पर दुर्घटनाग्रस्त वाहन। शाजापुर (ईएमएस)। नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है और अब सोमवार असल सुबह करीब 5 बजे नेशनल हाईवे-52 पर एक सड़क हादसा सामने आया, जहां अपनी उपज लेकर मंडी जा रहे किसानों की पिकअप को एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में प्याज से भरा वाहन अनियंत्रित होकर बुरी तरह पलट गया और उसमें सवार दो लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, छापीहेड़ा के समीप स्थित ग्राम दुआखेड़ी के रहने वाले 50 वर्षीय रामप्रसाद और 46 वर्षीय तरवरसिंह अपनी पिकअप में प्याज भरकर शाजापुर कृषि उपज मंडी की ओर जा रहे थे। जब उनका वाहन सुनेरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर यादव ढाबा के सामने पहुंचा, तभी किसी अज्ञात ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और प्याज से लदा वाहन सड़क पर ही पलट गया। इस दुर्घटना में पिकअप में सवार रामप्रसाद और तरवरसिंह दोनों को चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वाहन के सड़क पर पलटने की वजह से हाईवे का यातायात भी कुछ समय के लिए बाधित रहा और वाहनों की कतार लग गई। घटना की सूचना मिलते ही सुनेरा थाना पुलिस की टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले घायलों को आवश्यक सहायता पहुंचाई और सड़क से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात को पुनः सुचारू करवाया। ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 15 जून 2026