अस्पताल में उपचाररत घायल। शाजापुर (ईएमएस)। छात्रों के लिए भोजन बनाते समय गैस चूल्हे पर रखा एक प्रेशर कुकर भयानक धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया जिससे महिला रसोईया घायल हो गई। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11 बजे पोस्ट मेट्रिक हॉस्टल की महिला कर्मचारी रामकन्या बाई रोजाना की तरह रसोई में छात्रों के लिए भोजन तैयार कर रही थीं। रामकन्या बाई ने एक गैस बर्नर पर कड़ाही रखी हुई थी। इसी दौरान जैसे ही उन्होंने दूसरे बर्नर पर रखे प्रेशर कुकर को छुआ, वह एक बेहद तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कुकर का ढक्कन हवा में उछलकर पूरी ताकत से सीधा महिला की छाती पर जा लगा, जबकि कुकर की खौलती हुई गर्म बॉडी की चपेट में आने से उनका एक हाथ बुरी तरह झुलस गया। हादसे के तुरंत बाद तड़पती हुई रामकन्या बाई ने सूझबूझ का परिचय देते हुए पास ही रखा पानी अपने झुलसे हुए शरीर पर डाल लिया ताकि जलन को शांत किया जा सके। इधर, बम फटने जैसी जोरदार आवाज सुनकर हॉस्टल का एक छात्र दौड़कर रसोई में पहुंचा और तत्परता दिखाते हुए गैस बंद कर दी, जिससे आग लगने या किसी अन्य बड़े हादसे को टाला जा सका। घायल महिला कर्मचारी रामकन्या बाई ने बताया कि वह बच्चों के दोपहर के भोजन के लिए दाल-चावल और रोटी बना रही थीं। गैस पर कुकर में दाल पक रही थी, तभी अचानक यह हादसा हो गया। घटना के बाद उन्हें तुरंत शाजापुर के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 15 जून 2026