राज्य
15-Jun-2026
...


भोपाल (ईएमएस)। नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने सोमवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई करते हुए सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण हटाए। यह कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण और निगम की नियमित मुहिम के तहत की गई। निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर भदभदा, न्यू मार्केट, एमपी नगर, बोट क्लब, श्यामला हिल्स, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, जाटखेड़ी, बागसेवनिया, अशोका गार्डन, हमीदिया रोड, भारत टॉकीज, लालघाटी, गांधी नगर और प्रताप नगर सहित कई क्षेत्रों में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान भदभदा क्षेत्र से तीन, गांधी नगर से पांच और जाटखेड़ी आरकेडीएफ कॉलेज क्षेत्र से दो अवैध झुग्गियां हटाई गईं। इसके अलावा अशोका गार्डन में अवैध झोपड़ी और प्रताप नगर में बने अवैध छप्पर को भी हटाया गया। गोंडीपुरा क्षेत्र से सड़क किनारे रखी बांस-बल्लियां, जाटखेड़ी रोड से कबाड़ और चांदबड़ कपड़ा मिल रोड से मलबा हटाया गया। निगम अमले ने भारत टॉकीज क्षेत्र में आवागमन में बाधा बन रहे तीन चारपहिया वाहनों को हटाया तथा 12 नंबर स्टॉप क्षेत्र में नाली पर रखी अवैध फर्शियां भी हटवाईं। अभियान के दौरान फुटपाथों और सड़कों पर लगी सब्जी एवं कपड़ों की दुकानों सहित अन्य अतिक्रमण हटाए गए। निगम ने 11 ठेले, एक काउंटर, एक पान पार्लर, एक स्टैंड कांटा-पलवा, सात कैरेट, 27 कुर्सियां, पांच स्टूल और एक टेबल जब्त की। निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। हरि प्रसाद पाल / 15 जून, 2026