15-Jun-2026
...


- भागवत साहू की रणनीति रही निर्णायक राजनांदगांव (ईएमएस)। जिला साहू संघ के त्रिवर्षीय चुनाव में युवा नेतृत्व को प्राथमिकता देते हुए मतदाताओं ने नौबल साहू को अपना नया जिला अध्यक्ष चुना है। निवर्तमान जिला अध्यक्ष भागवत साहू के नेतृत्व में तैयार किए गए मां कर्मा नोबल पैनल ने चुनाव में शानदार सफलता हासिल की। चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और विजयी प्रत्याशियों का फूल-मालाओं, रंग-गुलाल तथा आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया। समाज के वरिष्ठजनों ने इस जीत का श्रेय भागवत साहू के अथक प्रयासों, संगठन क्षमता और मजबूत रणनीति को दिया। रविवार 14 जून को बसंतपुर स्थित साहू भवन में जिला साहू संघ के बहुप्रतीक्षित त्रिवर्षीय चुनाव का आयोजन किया गया। चुनाव में जिले भर से लगभग 2125 साहू मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पूरे दिन उत्साह और गहमा-गहमी के माहौल के बीच मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया संपन्न हुई। अध्यक्ष पद के लिए पांच प्रत्याशी मैदान में थे जिनमें पूर्व जिला अध्यक्ष एवं मजबूत दावेदार कमल किशोर साहू को चुनौती देते हुए युवा प्रत्याशी नोबल साहू ने शानदार प्रदर्शन किया। मतगणना के बाद नोबल साहू ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कमल किशोर साहू को 82 मतों के अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। वहीं कमल किशोर साहू को 676, नोबल साहू 756, शेखर साहू 187, टोमन साहू 307, विवेक साहू 191 मत मिले।परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने नोबल साहू को फूल-मालाओं से लाद दिया तथा रंग-गुलाल लगाकर जोरदार स्वागत किया। ️ महिला उपाध्यक्ष पद पर अंजू साहू सबसे आगे उपाध्यक्ष (महिला) पद के लिए हुए मुकाबले में श्रीमती अंजू साहू ने सर्वाधिक 639 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके बाद शैलेंद्री साहू को 565 मत मिले। पूर्व पार्षद जमुना देवी साहू को 488 मत, इंदूमति साहू को 314 मत तथा राजेश्वरी साहू को 81 मत प्राप्त हुए। ️ पुरुष उपाध्यक्ष पद पर देवेंद्र कुमार साहू विजयी पुरुष उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में देवेंद्र कुमार साहू ने 746 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी ओमप्रकाश साहू को 83 मतों से पराजित किया जिन्हें 663 मत प्राप्त हुए। वहीं बिसनाथ साहू को 337 मत तथा जीवनलाल साहू को 336 मत मिले। ️ संगठन सचिव पद पर देवानंद साहू का दबदबा जिला साहू संघ के संगठन सचिव पद के चुनाव में देवानंद साहू ने 880 मत प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी लवींद्र साहू को 184 मतों के अंतर से पराजित किया। इस पद के लिए टहलुराम साहू को 470 मत प्राप्त हुए। ️ महिला संगठन सचिव बनीं इंदू साहू महिला संगठन सचिव पद के लिए हुए मुकाबले में इंदू साहू ने 576 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी श्रीमती गीता साहू को 1 मतों से पराजित किया। गीता साहू को 575 मत मिले। वहीं अनिता साहू को 480 मत तथा प्रमिला साहू को 475 मत प्राप्त हुए। ️ विजय के बाद जश्न का माहौल चुनाव परिणाम सामने आते ही साहू समाज के लोगों ने मतदान स्थल पर ही जश्न मनाना शुरू कर दिया। विजयी प्रत्याशियों को फूल-मालाएं पहनाई गईं, मिठाइयां बांटी गईं और रंग-गुलाल लगाकर खुशी का इजहार किया गया। इस दौरान साहू समाज के लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। ️ प्रदेश अध्यक्ष ने दी बधाई छत्तीसगढ़ साहू संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू सहित समाज के अनेक वरिष्ठजनों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्षों एवं संगठन सचिवों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। समाजजनों ने आशा व्यक्त की कि नई टीम संगठन को नई दिशा देने के साथ-साथ समाज के विकास और एकता को और अधिक मजबूत करेगी। ईएमएस/मोहने/ 15 जून 2026