:: विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस पर तीन पीढ़ियों ने ली बड़ों के सम्मान की शपथ, आज सजेगी सुरों की महफिल :: इंदौर (ईएमएस)। अग्रवाल समाज की अग्रणी संस्था अग्रसेन महासभा की मेजबानी में देश में पहली बार एक अनूठा और अनुकरणीय आयोजन आकार ले रहा है। पांच राज्यों से आए 81 वर्ष से अधिक आयु के 81 वरिष्ठजनों के सामूहिक अमृत महोत्सव का भव्य शुभारंभ सोमवार शाम को राजीव गांधी चौराहा स्थित होटल सोलारिस पर हुआ। इस मांगलिक अवसर पर विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के उपलक्ष्य में उपस्थित समाज की तीन पीढ़ियों के प्रतिनिधियों ने वरिष्ठजनों के प्रति आदर, सुरक्षा और सेवा का सामूहिक संकल्प लिया। नई पीढ़ी को यह प्रेरणा दी गई कि वे बुजुर्गों के साथ हमेशा गरिमापूर्ण व्यवहार करेंगे। महासभा के अध्यक्ष राजेश जिंदल, सचिव अनूप सिंघल, संयोजक अरुण आष्टावाले एवं पूर्व अध्यक्ष कैलाश नारायण बंसल ने बताया कि महोत्सव में सहभागिता के लिए विभिन्न राज्यों से वरिष्ठजनों और उनके परिजनों का आगमन सोमवार शाम से ही प्रारंभ हो गया है, जिनकी अगवानी महासभा के पदाधिकारियों ने भावभीनी आत्मीयता से की। :: युद्धों के नायक और 96 वर्षीय बुजुर्ग बने आकर्षण :: इस महोत्सव में शामिल होने के लिए गुना के 96 वर्षीय मुकुट बिहारी लाल गुप्ता, जलगांव (महाराष्ट्र) के 82 वर्षीय नंदकिशोर चौधरी, बड़ौदा के 84 वर्षीय नंदलाल गर्ग एवं रायपुर के 82 वर्षीय सुशील अग्रवाल इंदौर पहुंच चुके हैं। निमाड़ के गौरव 86 वर्षीय सुरेशचंद्र मित्तल भी इस आयोजन की शोभा बढ़ा रहे हैं, जिन्होंने भारतीय वायुसेना में रहते हुए वर्ष 1962, 1965 और 1971 के युद्धों में मातृभूमि की रक्षा की थी। इंदौर के 84 वर्षीय प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. विष्णु प्रसाद सिंघल भी इसमें सहभागी हो रहे हैं, जिनके परिवार में आधा दर्जन से अधिक डॉक्टर देश-विदेश में सेवाएं दे रहे हैं। :: समाज सेवा के शिल्पी मोहनलाल बंसल का होगा सम्मान :: अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय मंत्री गोपाल अग्रवाल (बोदवड, महाराष्ट्र) विशेष रूप से इंदौर आकर महासभा के संस्थापक सदस्य व पूर्व अध्यक्ष मोहनलाल बंसल का आदर-सत्कार करेंगे। बंसल पिछले 48 वर्षों में समाज के एक हजार से अधिक विवाह संबंध तय करवा चुके हैं और समाजबंधुओं को देश-विदेश के प्रमुख पर्यटन व धार्मिक स्थलों की यात्राएं करवा चुके हैं। गत वर्ष उन्होंने 8 राज्यों के 61 जोड़ों का विवाह वर्षगांठ उत्सव आयोजित किया था। अब 81 वृद्धजनों का सामूहिक अमृत महोत्सव मनाकर वे तीसरा विश्व कीर्तिमान स्थापित करने जा रहे हैं। :: आज मस्ती की पाठशाला और रेट्रो म्यूजिकल नाइट :: निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मंगलवार शाम 4 बजे गरिमा शर्मा की टीम द्वारा मस्ती की पाठशाला के साथ मुख्य उत्सव का आगाज़ होगा। शाम 7 बजे मुंबई के विख्यात कलाकारों द्वारा रेट्रो म्यूजिकल नाइट की रंगारंग प्रस्तुति दी जाएगी। रात्रि 8 बजे से आयोजित मुख्य समारोह में राज्य के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं महापौर पुष्यमित्र भार्गव के मुख्य आतिथ्य में सभी 81 बुजुर्गों का नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। महासभा द्वारा सभी वरिष्ठजनों को उपहार, स्मृति चिह्न, शॉल-श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट किए जाएंगे, वहीं उनके नाती-पोते भी मंच पर उनका पाद-पूजन करेंगे। प्रकाश/15 जून 2026 संलग्न चित्र - इंदौर। अग्रसेन महासभा द्वारा देश में पहली बार आयिजित किए जा रहे वरिष्ठजनों के सामूहिक अमृत महोत्सव के लिए पहले दिन सोमवार को इंदौर पहुंचे वरिष्ठजनों की अगवानी करते अग्रसेन महासभा के पदाधिकारी एवं परिजन।