:: लक्ष्मीनारायण महायज्ञ में दी आहुतियां, भागवत महापूजन में उमड़े श्रद्धालु :: इंदौर (ईएमएस)। विमानतल मार्ग स्थित विद्याधाम पर पुरुषोत्तम मास (अधिकमास) के उपलक्ष्य में जारी विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों की सोमवार को गरिमामय पूर्णाहुति हुई। महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य एवं आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में गत 16 मई से चल रहे इन दिव्य आयोजनों का समापन उल्लासपूर्वक संपन्न हुआ। आश्रम परिसर में 11 विद्वानों द्वारा किए जा रहे श्रीमद्भागवत के मूल पारायण की पूर्णाहुति दोपहर में हुई, जिसके बाद महाजन परिवार के सदस्यों ने सभी आचार्यों का सम्मान कर पोथी जी का पूजन किया। मासपर्यंत चली लक्षार्चन आराधना और दीपदान महोत्सव में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। विद्याधाम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा एवं राजेन्द्र महाजन ने बताया कि इस पावन मास में आश्रम की यज्ञशाला में प्रतिदिन 11 यजमानों और विद्वानों ने लक्ष्मीनारायण महायज्ञ में आहुतियां देकर राष्ट्र में सुख, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की। इसके अतिरिक्त विभिन्न तिथियों में आयोजित रामकथा एवं भागवत कथा अनुष्ठानों में भी प्रतिदिन हजारों भक्तों ने धर्मलाभ लिया। समापन अवसर पर मंदिर के सभी विग्रहों का नयनाभिराम श्रृंगार किया गया। प्रकाश/15 जून 2026