राज्य
15-Jun-2026
...


इंदौर (ईएमएस)। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती के उपलक्ष्य में पलाखेड़ी स्थित श्रीराम मंदिर परिसर धर्मशाला में एक भव्य अश्व प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महाराणा प्रताप के पराक्रमी और वफादार अश्व चेतक की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता में दर्जनभर से अधिक अश्व प्रेमियों ने अपने विशेष घोड़ों के साथ शिरकत की। इस दौरान पूरा परिसर महाराणा प्रताप और चेतक के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा। अश्व प्रेमी पवन सिंह चावड़ा ने चेतक की स्वामीभक्ति और वीरता को याद करते हुए कहा कि युद्ध के मैदान में महाराणा प्रताप के प्राणों की रक्षा करते हुए चेतक ने अपने प्राणों का उत्सर्ग किया था, जिसकी गौरवगाथा आज भी युवाओं को प्रेरित करती है। आयोजन में शुभम चावड़ा, कृष्णा चावड़ा, अभिषेक डाबी, रवि सिंह, राजेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में समाजजन और अश्व प्रेमी उपस्थित थे। :: एक दीप महाराणा के नाम अभियान कल :: महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर 17 जून को जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में विशेष आयोजन होंगे। इस दिन घर-घर में वीर शिरोमणि के चित्र पर पुष्प अर्पित कर पूजन किया जाएगा। वहीं, शाम को “एक दीप महाराणा के नाम” अभियान के तहत आमजन अपने घरों के बाहर दीपक प्रज्ज्वलित कर राष्ट्रनायक को स्वरांजलि और श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। प्रकाश/15 जून 2026