राज्य
15-Jun-2026
...


:: दुर्लभ रक्त समूह के डोनर शिर्डी से पहुंचे इंदौर; तीन दृष्टिहीन और दो दिव्यांग रक्तदाताओं का भी हुआ बहुमान, मंत्री प्रतिनिधि ने दिलाया संकल्प :: इंदौर (ईएमएस)। रक्त एक ऐसी अनिवार्य जरूरत है, जिसकी आपूर्ति न तो किसी फैक्ट्री में हो सकती है और न ही किसी खेत से। दूसरों को जीवनदान देने के इस पुण्य कार्य के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। यह बात जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट के प्रतिनिधि अशोक गोयल ने रविवार को विश्व रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित गरिमामय समारोह में कही। अवसर था एमओजी लाइन्स (गंगवाल बस स्टैंड के पास) स्थित देश के पहले निःशुल्क ब्लड कॉल सेंटर द्वारा आयोजित रक्तदाता सम्मान समारोह का। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से संचालित इस केंद्र पर कॉल सेंटर के संचालक अशोक नायक व अतिथियों ने 51 महिलाओं सहित कुल 302 अनुकरणीय रक्तदाताओं का सम्मान किया। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष व कलेक्टर शिवम वर्मा की ओर से भी रक्तदाताओं के प्रति आभार जताया गया। :: दृष्टिहीन और दिव्यांगों ने भी किया रक्तदान :: समारोह में समाज को प्रेरित करने वाले कई अनूठे उदाहरण सामने आए। यहाँ चेतन शर्मा, प्रवीण पाटीदार और हमरीश विश्वकर्मा जैसे तीन दृष्टिहीन और दो दिव्यांग रक्तदाताओं का विशेष बहुमान किया गया, जो अपनी शारीरिक चुनौतियों को दरकिनार कर नियमित रक्तदान करते हैं। :: 10 लाख में एक मिलने वाला बॉम्बे ब्लड ग्रुप :: इस आयोजन का मुख्य आकर्षण शिर्डी से आए रवीन्द्र अष्टेकर रहे। संचालक अशोक नायक ने बताया कि अष्टेकर का रक्त समूह ओ+ बॉम्बे ग्रुप है, जो दुनिया के मात्र 0.0004 प्रतिशत (लगभग 10 लाख लोगों में से किसी एक) लोगों में ही पाया जाता है। इस दुर्लभतम ग्रुप में एच एंटीजन नहीं होता, जिसके कारण ऐसे मरीजों को केवल इसी ग्रुप का रक्त चढ़ाया जा सकता है। अष्टेकर ने विशेष रूप से इंदौर आकर यहाँ रक्तदान भी किया। :: रक्तदान से हार्ट अटैक का खतरा होता है कम :: रक्तदान को लेकर व्याप्त भ्रांतियों का निवारण करते हुए नायक ने बताया कि यह पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है। इससे रक्त संचार सुधरता है, नए ब्लड सेल्स बनते हैं, लीवर सुरक्षित रहता है और हार्ट अटैक का खतरा भी काफी कम हो जाता है। साथ ही शरीर की अनावश्यक कैलोरी भी बर्न होती है। :: 3 लाख से अधिक लोगों को मिल चुकी है मदद :: पिछले 14 वर्षों से संचालित इस कॉल सेंटर से अब तक 5 लाख से अधिक रक्तदाता जुड़ चुके हैं और इसके माध्यम से 3 लाख से अधिक जरूरतमंदों को निशुल्क रक्त सेवा उपलब्ध कराई जा चुकी है। कॉल सेंटर के पास 2 ऐसे वाहन भी हैं जो रक्तदाताओं को लाने-ले जाने के लिए निशुल्क उपलब्ध रहते हैं। केंद्र द्वारा अब तक कुल 21 हजार रक्तदाताओं का सम्मान किया जा चुका है। इस अवसर पर साईं भक्त हरि अग्रवाल, डॉ. आयुषी देशमुख, ह्रदयेश दीक्षित, अतुल मलिकराम, मोतीलाल दायमा, पं. योगेन्द्र महंत, समाजसेवी वीरेन्द्र गुप्ता सहित दामोदर युवा संगठन के पदाधिकारी उपस्थित थे। प्रकाश/15 जून 2026