राज्य
15-Jun-2026
...


भोपाल (ईएमएस)। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग की सहायक संचालक ओजस्वी टेंभरे ने सिंगापुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा आयोजित पांच दिवसीय “ट्रेड बिजनेस डेवलपमेंट” प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए भारत से केवल एक प्रतिभागी का चयन किया गया था, जिसमें श्रीमती टेंभरे को यह अवसर मिला। 8 से 12 जून 2026 तक सिंगापुर के प्रतिष्ठित सिविल सर्विस कॉलेज में आयोजित इस कार्यक्रम में दुनिया के करीब 25 देशों के प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य व्यापार एवं निवेश संवर्धन, उद्यमिता विकास, नवाचार, आर्थिक प्रगति और वैश्विक सहयोग से जुड़ी सर्वोत्तम अंतरराष्ट्रीय कार्यप्रणालियों की जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम के दौरान श्रीमती टेंभरे ने मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के प्रसिद्ध “शिवपुरी जैकेट” को सिंगापुर के विदेश मंत्रालय के अधिकारियों को स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट किया। उन्होंने “एक जिला एक उत्पाद” योजना के अंतर्गत इस उत्पाद की विशेषताओं, स्थानीय कारीगरों के कौशल और राज्य सरकार की पहल की जानकारी भी साझा की। इससे अंतरराष्ट्रीय मंच पर मध्यप्रदेश की हस्तशिल्प परंपरा और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को पहचान मिली। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को सिंगापुर के आर्थिक विकास मॉडल, स्टार्टअप इकोसिस्टम, कौशल विकास, निवेश संवर्धन और नवाचार आधारित प्रशासनिक व्यवस्थाओं का अध्ययन कराया गया। श्रीमती टेंभरे ने विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ अनुभव साझा करते हुए मध्यप्रदेश की निवेशक-अनुकूल नीतियों, उद्यमिता विकास, स्टार्टअप प्रोत्साहन और एमएसएमई क्षेत्र में संचालित योजनाओं की जानकारी भी प्रस्तुत की। हरि प्रसाद पाल / 15 जून, 2026