राज्य
15-Jun-2026


भोपाल(ईएमएस)। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद मंगलवार, 16 जून से प्रदेश के सभी शासकीय और सांदीपनि विद्यालयों में नया शैक्षणिक सत्र शुरू होगा। लंबे अवकाश के बाद स्कूलों में फिर से रौनक लौटेगी और विद्यार्थी अपने मित्रों व शिक्षकों से मिलकर नए उत्साह के साथ पढ़ाई की शुरुआत करेंगे। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल चलें हम अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत 16 से 30 जून तक शाला प्रारंभ उत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्री-प्राइमरी से कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए बाल सभा, स्वागत कार्यक्रम और पहले दिन विशेष भोज का आयोजन किया जाएगा। विभाग ने नए सत्र में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए ड्रॉपआउट विद्यार्थियों की पहचान कर उनकी सूची संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को उपलब्ध कराई गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी पात्र बच्चों का स्कूलों में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए। विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी समयबद्ध तरीके से किया जाएगा। साथ ही प्राथमिक स्तर पर सीखने के स्तर में सुधार के लिए मिशन अंकुर और एफएलएन सर्वे के आधार पर विशेष शैक्षणिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, क्रियाशील बालिका शौचालय, रनिंग वाटर, पानी की टंकियों की सफाई और आवश्यक मरम्मत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अभियान के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का स्वागत किया जाएगा तथा उन्हें शासकीय योजनाओं और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारी स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और अपने अनुभव साझा कर उन्हें प्रेरित करेंगे। इससे नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायी वातावरण में होगी। हरि प्रसाद पाल / 15 जून, 2026