राज्य
15-Jun-2026
...


भोपाल (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संस्कृति विभाग को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में सभी समाजों की आस्थाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जोड़ते हुए व्यापक स्तर पर सांस्कृतिक आयोजन किए जाएं। उन्होंने आल्हा-ऊदल स्मृति उत्सव, श्रावण महोत्सव और भुजरिया पर्व जैसे आयोजनों को विशेष रूप से मनाने पर जोर दिया। सोमवार को मंत्रालय में संस्कृति विभाग की योजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी महीनों में होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्वों को जनभागीदारी के साथ मनाया जाए। नागपंचमी के अवसर पर जैव विविधता संरक्षण और सर्प प्रजातियों के संरक्षण का संदेश भी प्रसारित किया जाए। मुख्यमंत्री ने संस्कृति विभाग के पुनर्संरचना और गतिविधियों के विस्तार के निर्देश देते हुए कहा कि संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास तथा कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग मिलकर कार्य करें, ताकि धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने सम्राट विक्रमादित्य के नाम से एक पृथक अकादमी स्थापित करने और उनके जीवन व योगदान पर व्यापक शोध कार्य शुरू करने का सुझाव भी दिया। हरि प्रसाद पाल / 15 जून, 2026