राज्य
15-Jun-2026
...


भोपाल (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में सोमवार को मंत्रालय में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग, मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड तथा जर्मन सरकार समर्थित इंडो-जर्मन एग्री वोल्टाइक सहयोग परियोजना (आईजीसीए) के बीच एग्री सौर पीवी (एग्रीवोल्टाइक) के विकास के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल में जर्मन संस्था जीआईजेड तकनीकी और नीतिगत सहयोग प्रदान करेगी। एग्रीवोल्टाइक मॉडल के तहत किसान अपनी कृषि भूमि पर खेती के साथ-साथ सौर ऊर्जा उत्पादन भी कर सकेंगे। इससे अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता कम होगी, कृषि उत्पादकता बनी रहेगी और किसानों को अतिरिक्त आय का स्रोत मिलेगा। सरकार इस योजना के अंतर्गत किसानों को सब्सिडी भी उपलब्ध कराएगी, जबकि भूमि का स्वामित्व किसानों के पास ही रहेगा। यह पहल पीएम-कुसुम 2.0 सहित विभिन्न योजनाओं के अनुरूप राज्य में एग्रीवोल्टाइक ढांचा विकसित करने, किसानों की आय बढ़ाने, भूमि उपयोग दक्षता सुधारने और जलवायु-अनुकूल ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने में सहायक होगी। यह गैर-बाध्यकारी एमओयू मई 2030 तक प्रभावी रहेगा। हरि प्रसाद पाल / 15 जून, 2026