भोपाल(ईएमएस)। भोपाल (देहात) पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए चलाए गए विशेष अभियान में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए 53 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए। पुलिस अधीक्षक भोपाल (देहात) पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत साइबर टीम और थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्य करते हुए करीब 15 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस के अनुसार, वर्तमान समय में मोबाइल फोन लोगों के दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। इसे ध्यान में रखते हुए गुम मोबाइलों की खोज के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने CEIR पोर्टल के माध्यम से ट्रेसेबल मोबाइल फोनों की लगातार निगरानी की और विभिन्न राज्यों, जिलों तथा भोपाल (देहात) के थाना क्षेत्रों से समन्वय स्थापित कर मोबाइल फोनों का पता लगाया। मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान बरामद सभी 53 मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए। अपने मोबाइल वापस पाकर नागरिकों ने खुशी व्यक्त की और भोपाल (देहात) पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार जताया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय ने कहा कि पुलिस आमजन की सुरक्षा और सेवा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियान जारी रहेंगे। हरि प्रसाद पाल / 15 जून, 2026