राज्य
15-Jun-2026
...


:: संभागायुक्त कार्यालय पर जुटे मजदूर-किसान, समस्याओं का हल न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी :: इंदौर (ईएमएस)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) द्वारा ग्रामीण अंचलों और शहरी क्षेत्रों में सरकार की कारपोरेट परस्त नीतियों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, जमीन की चौतरफा लूट और अवैध बेदखली के विरोध में चलाए जा रहे जन संघर्ष अभियान के तहत सोमवार को संभाग आयुक्त कार्यालय पर मजदूर-किसानों ने संयुक्त रूप से जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलनकारियों ने देश के प्रधानमंत्री के नाम अपनी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं से संबंधित एक ज्ञापन संभाग आयुक्त कार्यालय के अधीक्षक श्री चौहान को सौंपा। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद अधीक्षक चौहान ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि स्थानीय समस्याओं से जुड़े प्रकरणों को तुरंत उचित कार्रवाई और निराकरण के लिए संबंधित तहसीलों में भिजवा दिया जाएगा तथा प्रधानमंत्री के नाम सौंपे गए मांग पत्र को तत्काल दिल्ली भेजा जाएगा। :: गांधी हॉल प्रांगण में हुई सभा, सरकार पर साधा निशाना :: कार्यालय पर प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने से पहले शहर के ऐतिहासिक गांधी हॉल प्रांगण में एक विशाल विरोध सभा का आयोजन किया गया। इस सभा की अध्यक्षता संयुक्त रूप से वरिष्ठ नेता लक्ष्मण वर्मा, काशीराम नायक और चुन्नी बहन भूरिया ने की। सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के जिला सचिव कॉमरेड अरुण चौहान और राज्य सचिव मंडल के सदस्य कैलाश लिंबोदिया सहित परेश टोकेकर, अर्जुन बारिया, भागीरथ कछवाह, मनीष ठक्कर, छगन चौहान, ऋषभ वर्मा और सोहेल खान ने केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की जनविरोधी नीतियां देश के मजदूर और किसानों को गुलामी की ओर धकेल रही हैं। आज महंगाई आसमान छू रही है, आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, नौजवानों के पास काम नहीं है और किसानों को उनकी फसलों के सही दाम नहीं मिल पा रहे हैं। :: नीट पेपर लीक का मुद्दा गूंजा, 15 दिन में घेराव की चेतावनी :: सभा में वक्ताओं ने सरकार द्वारा भूमि का मालिकाना हक देने के आदेश के बावजूद गरीब जनता को अधिकार न देकर उन्हें अवैध रूप से बेदखल करने और भूमाफियाओं को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि आम जनता की सुनवाई तहसील और जिला स्तर पर भी नहीं हो रही है। इस दौरान हाल ही में हुए नीट परीक्षा पेपर लीक सहित युवाओं से जुड़े अन्य प्रमुख मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया। माकपा ने ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी है कि यदि आगामी 15 दिनों के भीतर इन सभी जनसमस्याओं का उचित निपटारा नहीं किया गया, तो जिलाधीश कार्यालय (कलेक्ट्रेट) पर मांगों के निराकरण होने तक अनिश्चितकालीन और लगातार उग्र आंदोलन चलाया जाएगा। इस प्रदर्शन में सुखराम बारूड, कमल चौहान, सीताराम अहिरवार, रमेश चौहान, ममता बाई सोलंकी, अयोध्या बाई सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। प्रकाश/15 जून 2026