तीन वर्षों के कार्यों पर आधारित स्मारिका का विमोचन, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने की सहभागिता -स्मारिका का विमोचन करतीं पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी, पूर्व सांसद राजेश दिवाकर व अन्य जनप्रतिनिधि --जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित करती पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी व पूर्व सांसद राजेश दिवाकर हाथरस (ईएमएस)। नगर पालिका परिषद हाथरस की अध्यक्ष श्वेता चौधरी के नेतृत्व में नगर में हुए विकास कार्यों को जनता के समक्ष प्रस्तुत करने के उद्देश्य से आयोजित “विकास उत्सव” कार्यक्रम भव्यता और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। अग्रवाल सेवा सदन में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों, सभासदों और बड़ी संख्या में नगरवासियों ने भाग लिया। विकास उत्सव का उद्घाटन भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर भारद्वाज ने फीता काटकर किया। इसके पश्चात उत्सव की शुरूआत करते हुये अतिथियों द्वारा दीपप्रज्जवित किया गया इसके उपरांत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वंदे मातरम् के सामूहिक गान के साथ उत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद अनूप प्रधान, विधान परिषद सदस्य ऋषिपाल सिंह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह, पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी, पूर्व सांसद राजेश दिवाकर, अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष शरद महेश्वरी ,पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान एवं पूर्व विधायक राजवीर पहलवान उपस्थित रहे। अतिथियों का 51 किलोग्राम की विशाल पुष्पमाला पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। साथ ही सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण नगर पालिका परिषद द्वारा पिछले तीन वर्षों में कराए गए विकास कार्यों पर आधारित स्मारिका का विमोचन रहा। स्मारिका में नगर क्षेत्र में कराए गए सड़क निर्माण, नाली निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता अभियान, पेयजल सुविधाओं तथा अन्य जनहितकारी कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर भारद्वाज ने नगर पालिका परिषद हाथरस के कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी के नेतृत्व में नगर में विकास की जो नई तस्वीर उभरी है, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच विकास कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करना जवाबदेही और पारदर्शिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। स्मारिका के माध्यम से नगरवासियों को यह बताया गया है कि जनप्रतिनिधियों ने जनता के विश्वास पर कितना खरा उतरने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के प्रति जवाबदेही सबसे महत्वपूर्ण होती है और नगर पालिका परिषद हाथरस ने विकास कार्यों का विवरण प्रस्तुत कर एक सकारात्मक परंपरा स्थापित की है। नगर की अनेक गलियां अब पक्की सड़कों में तब्दील हो चुकी हैं तथा आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। सांसद अनूप प्रधान और एमएलसी ऋषिपाल सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की तथा भविष्य में भी नगर के समग्र विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के लिए स्थानीय निकायों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने नगर के विकास में नगर पालिका बोर्ड के सभी सभासदों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि विकास कार्य किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरी टीम और जनता के सहयोग का परिणाम होते हैं। उन्होंने नगर के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराते हुए कहा कि आने वाले समय में भी सड़क, जलनिकासी, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और जनसुविधाओं के क्षेत्र में और अधिक कार्य किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान अग्रवाल सेवा सदन का सभागार पूरी तरह खचाखच भरा रहा। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समाजसेवी, व्यापारी, गणमान्य नागरिक एवं नगरवासी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। सभागार में स्थान कम पड़ने के कारण अनेक कार्यकर्ता बाहर खड़े होकर भी कार्यक्रम का हिस्सा बने रहे। विकास उत्सव के माध्यम से नगर पालिका परिषद हाथरस ने न केवल अपने तीन वर्षों के विकास कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, बल्कि नगर के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर विकास के संकल्प को भी मजबूती से जनता के सामने रखा। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 15 जून 2026