परिसर में कूड़े के ढेर और जलभराव, सामाजिक कार्यकर्ता ने की सफाई व रखरखाव की मांग -सफाई व रखरखाव की मांग करते सामाजिक कार्यकर्ता हाथरस (ईएमएस)। सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव बाजिदपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र इन दिनों बदहाल स्थिति में है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में गंदगी, जलभराव और कूड़े के ढेर लगे होने से मरीजों और क्षेत्रीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य केन्द्र की सफाई और रखरखाव की मांग प्रशासन से की है।ग्रामीणों के अनुसार स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में कई स्थानों पर गंदा पानी जमा है, जिससे मच्छरों के पनपने और संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। परिसर के भीतर और आसपास कूड़ा-कचरा पड़ा होने के कारण स्वास्थ्य केन्द्र की साफ-सफाई पर भी सवाल उठ रहे हैं। देखरेख के अभाव में भवन के कई हिस्सों की स्थिति भी प्रभावित होती दिखाई दे रही है।कर्मयोग सेवा संघ के संस्थापक अध्यक्ष विवेकशील राघव ने स्वास्थ्य केन्द्र की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि लाखों रुपये की लागत से निर्मित इस सरकारी स्वास्थ्य केन्द्र का नियमित रखरखाव और सफाई कराई जानी चाहिए। उनका कहना है कि परिसर में व्याप्त गंदगी और अव्यवस्थाएं मरीजों तथा स्वास्थ्य कर्मियों दोनों के लिए असुविधा का कारण बन सकती हैं।उन्होंने शासन और प्रशासन से स्वास्थ्य केन्द्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने, जलभराव की समस्या का समाधान करने तथा भवन के आवश्यक रखरखाव के निर्देश देने की मांग की है। ग्रामीणों का भी कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं तो स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्था में सुधार संभव है। अब क्षेत्रीय लोगों की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 15 जून 2026