इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिला टेबल टेनिस संगठन के तत्वावधान में अभय प्रशाल में आयोजित सत्र की द्वितीय जिला रैंकिंग टेबल टेनिस स्पर्धा में सोमवार को खेले गए बालक अंडर-15 आयु वर्ग के बेहद कड़े और रोमांचक फाइनल मुकाबले में वंश चौहान ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मृदुल पुरोहित को 3-1 गेम से पराजित कर खिताबी सफलता अर्जित की। वहीं, दूसरी ओर बालिका अंडर-15 आयु वर्ग के खिताबी संघर्ष में सान्वी सिंघल ने अपनी चिरप्रतिद्वंद्वी आरवी जैन को 3-2 के कड़े अंतर से मात देकर विजेता बनने का गौरव अर्जित किया। इसके पूर्व खेले गए सेमीफाइनल दौर के मुकाबलों में बालक वर्ग में वंश चौहान ने मयंक सादेल को 3-1 से और मृदुल पुरोहित ने आरव कासट को 3-1 से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया था। वहीं, बालिका वर्ग के सेमीफाइनल में आरवी जैन ने सिद्धिक्षा जैन को 3-2 से और सान्वी सिंघल ने नेहल नाहर को 3-0 से एकतरफा शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया था। क्वार्टर फाइनल मैचों में बालक अंडर-15 में मृदुल ने रक्षित चावड़ा को 3-1, आरव ने साकार भार्गव को 3-0, मयंक ने पुण्यांश जैन को 3-2 और वंश ने अर्णव शेलगांवकर को 3-0 से हराया था। बालिका वर्ग के क्वार्टर फाइनल में सिद्धिक्षा ने सावी गर्ग को 3-0, आरवी ने आकांक्षा ठाकुर को 3-1, नेहल ने सिद्धि भदौरिया को 3-0 और सान्वी ने सुरभि गौरसिया को 3-1 से पराजित किया था। :: अंडर-17 आयु वर्ग के मुकाबले भी शुरू, खिलाड़ी दिखा रहे दम :: स्पर्धा में आगे के दौर के तहत बालिका अंडर-17 आयु वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल दिखाया। इसमें आर्या जोरे ने रीत इंगले को 3-0 से, आरवी जैन ने नेहल नाहर को 3-0 से, आन्या त्रिवेदी ने सिद्धि भदौरिया को 3-2 से और हिया पटेल ने काशवी सिंह को 3-0 से हराकर अंतिम चार (सेमीफाइनल) में जगह पक्की की है। इसके अतिरिक्त, बालक अंडर-17 आयु वर्ग के शुरुआती दौर के मैचों में रिदम गड़िया ने विराट वानखेड़े को 3-0 से, मयंक सादेल ने सारंग अग्रवाल को 3-1 से, साकार भार्गव ने रक्षित चावड़ा को 3-2 से, राघव राठौड़ ने रुद्रांश झा को 3-0 से, मृदुल पुरोहित ने पुण्यांश जैन को 3-0 से और अथर्व सिंह ने द्युमनि दत्ता को 3-2 से हराकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया है। प्रकाश/15 जून 2026