:: अर्पित और वेदांत के आगे अंश का अर्द्धशतक बेकार; पावरप्ले में रिकॉर्ड 100 रन ठोक जबलपुर रॉयल लायंस ने 20वें ओवर की पहली गेंद पर हासिल किया 224 रनों का लक्ष्य, भोपाल 5 विकेट से परास्त :: इंदौर (ईएमएस)। होल्कर स्टेडियम की दूधिया रोशनी में सलामी बल्लेबाज अर्पित गौड़ (59 रन, 23 गेंद) और वेदांत अवस्थी (60 रन, 34 गेंद) की आतिशी पारियों के दम पर जबलपुर रॉयल लायंस ने सोमवार को भोपाल लेपर्ड्स को 5 विकेट से हरा दिया। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग टी-20 सिंधिया कप के 29वें मुकाबले में भोपाल लेपर्ड्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 223 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में जबलपुर रॉयल लायंस ने पावरप्ले में रिकॉर्ड 100 रन कूटते हुए इस बड़े लक्ष्य को 19.1 ओवरों में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। भोपाल के लिए अंश बागड़िया (51) की अर्द्धशतकीय पारी बेकार गई, जबकि जबलपुर के अर्पित गौड़ को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। :: पावरप्ले में बरपा अर्पित का तूफान :: 224 रनों के एवरेस्ट जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी जबलपुर की शुरुआत विस्फोटक रही। सलामी बल्लेबाज अर्पित गौड़ ने भोपाल के तेज गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए मात्र 23 गेंदों में 59 रन (7 छक्के व 3 चौके) ठोक दिए। अर्पित के इस रौद्र रूप की बदौलत जबलपुर ने शुरुआती 6 ओवरों के अनिवार्य पावरप्ले में बिना कोई विकेट खोए 100 रन बोर्ड पर टांग दिए। इस बेखौफ शुरुआत ने भोपाल को मैच से बाहर कर दिया। अर्पित को दूसरे छोर से अजय रोहेरा (31 रन, 17 गेंद) का शानदार साथ मिला। सलामी जोड़ी के आउट होने के बाद वेदांत अवस्थी ने मोर्चा संभाला। वेदांत ने स्पिनरों को आड़े हाथों लेते हुए 34 गेंदों में 60 रनों (5 छक्के व 3 चौके) की मैच जिताऊ पारी खेली। अंतिम ओवरों में कप्तान राहुल बाथम ने 13 गेंदों में नाबाद 19 रन और पुनीत दांते ने नाबाद 7 रन बनाकर 20वें ओवर की पहली गेंद (वाइड) पर टीम को ऐतिहासिक जीत दिला दी। भोपाल की ओर से स्पिनर युवराज नेमा ने 4 ओवर में 33 रन देकर सर्वाधिक 2 विकेट लिए। :: अंश और अनिकेत का पराक्रम :: इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भोपाल लेपर्ड्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट पर 223 रनों का मजबूत स्कोर बनाया था। राहुल चंद्रोल (28) और तनिष्क़ यादव (26) ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े। इसके बाद मध्यक्रम में अंश बागड़िया ने 34 गेंदों में 51 रनों की जिम्मेदारी भरी अर्द्धशतकीय पारी खेली। कप्तान अनिकेत वर्मा ने महज 20 गेंदों में 42 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। अंतिम ओवरों में कमल त्रिपाठी ने 6 गेंदों में नाबाद 20 रन बनाकर स्कोर को 223 तक पहुँचाया। जबलपुर के लिए गेंदबाज पुनीत दांते और पंकज पटेल ने 2-2 विकेट चटकाए। इस धमाकेदार जीत के साथ ही जबलपुर रॉयल लायंस ने टूर्नामेंट में अपना अजेय क्रम (लगातार चौथी जीत) जारी रखा है। जबलपुर की टीम अब 4 मैचों में 4 जीत और 8 अंकों (+1.291 नेट रन रेट) के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर मजबूती से काबिज हो गई है। दूसरी ओर, इस लीग में भोपाल लेपर्ड्स की यह पांचवीं हार है। भोपाल की टीम अब 7 मैचों में 5 हार और महज 4 अंकों के साथ तालिका में सातवें स्थान पर खिसक गई है। :: संक्षिप्त स्कोर :: भोपाल लेपर्ड्स : 20 ओवर में 223/6 (अंश बागड़िया 51, अनिकेत वर्मा 42, राहुल चंद्रोल 28; पंकज पटेल 2/30, पुनीत दांते 2/42) जबलपुर रॉयल लायंस : 19.1 ओवर में 224/5 (वेदांत अवस्थी 60, अर्पित गौड़ 59, अजय रोहेरा 31; युवराज नेमा 2/33, हिमांशु शिंदे 1/19) प्रकाश/15 जून 2026