* जनपद पंचायत कार्यालय पर जड़ा ताला कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले की पोड़ी-उपरोड़ा जनपद पंचायत में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच विवाद बढ़ गया। नाराज जनपद सदस्यों ने सामान्य सभा का बहिष्कार कर जनपद कार्यालय में ताला लगा दिया। जानकारी के अनुसार जनपद सदस्य सुबह से ही कार्यालय के मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत में भ्रष्टाचार हो रहा है और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पारदर्शी नहीं है। सदस्यों का कहना है कि विकास कार्यों, टेंडर और योजनाओं में मनमानी की जा रही है। सामान्य सभा का बहिष्कार करने के बाद सदस्यों ने मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। इसके कारण जनपद सीईओ, लेखापाल सहित कई अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय के अंदर ही फंस गए। तालाबंदी से पूरे कार्यालय का कामकाज ठप्प हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस विभाग सक्रिय हो गया। एसडीएम और तहसीलदार की टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे सदस्यों से चर्चा की। हालांकि बातचीत के बाद भी कोई समाधान नहीं निकल सका। प्रदर्शनकारी सदस्यों ने अधिकारियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और पारदर्शी कार्यप्रणाली की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक ताला नहीं खोला जाएगा। उन्होंने आंदोलन को जिला मुख्यालय तक ले जाने की भी चेतावनी दी। वहीं, जनपद कार्यालय बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से जुड़े कार्य और आम लोगों के दैनिक काम प्रभावित हो रहे हैं। 16 जून / मित्तल