16-Jun-2026


- चेन स्नेचिंग के 40 मिनट बाद पकड़े गए बदमाश - पुलिस पर की फायरिंग तो पैर में मारी गोली जमशेदपुर (ईएमएस)। जमशेदपुर में बढ़ती चेन छिनतई की वारदातों के बीच पुलिस ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर अपराधी हरपाल उर्फ गबरू का हाफ एनकाउंटर कर दिया। पैर में गोली लगने से घायल अपराधी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत सोमवार शाम को हुई, जब टेल्को के घड़ी पार्क (मनीष पार्क) में वॉक कर रही बिरसानगर निवासी बसंती देवी (55) से काले रंग की पल्सर पर सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एक्शन में आई और महज 40 मिनट के भीतर अपराधियों को खदेड़ना शुरू कर दिया। सिदगोड़ा रोड नंबर 28 के पास पुलिस जीप ने जब बदमाशों की बाइक को ओवरटेक किया, तो वे नाली में गिर पड़े। पुलिस ने मौके पर ही बाइक के नीचे दबे एक बदमाश को दबोच लिया, जबकि उसका दूसरा साथी पुलिस पर दो राउंड फायरिंग करते हुए भागने लगा। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे भी जैप-6 कैंपस के पास से गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान मनप्रीत सिंह रिशू के रूप में हुई। इनके पास से एक पिस्टल और 10 गोलियां बरामद की गईं। इसके बाद देर रात करीब 2:30 बजे पुलिस टीम पकड़े गए मुख्य आरोपी हरपाल उर्फ गबरू को लेकर सिदगोड़ा टाउन हॉल स्थित शौचालय के पास हथियार बरामदगी के लिए पहुंची थी। इसी दौरान गबरू ने अचानक एएसआई सुशांत सुंडी की पिस्तौल छीन ली और पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में एएसआई और अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। स्थिति बिगड़ती देख टाइगर मोबाइल के जवान शम्स तबरेज ने जवाबी कार्रवाई करते हुए अपराधी के पैर में गोली मार दी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दोबारा दबोच लिया। सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद ने बताया कि घायल अपराधी का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उससे पूछताछ जारी है। इस एनकाउंटर के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। गौरतलब है कि जमशेदपुर में जून के महीने में चेन छिनतई के मामलों में अचानक तेजी आई है। इस घटना से ठीक पहले 14 जून को परसुडीह में धनवंती देवी, 13 जून को सीतारामडेरा में दीपा माइती और 11 जून को साकची में मोनिका सिंह भी इन बाइक सवार बदमाशों का शिकार बन चुकी हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। रामयश/ईएमएस 16 जून 2026