नई दिल्ली (ईएमएस)। अपने जमाने की प्रतिष्ठित कारों में शुमार फोर्ड एस्कॉर्ट आरएस कार पुन: वापसी करने को तैयार है। यह कार करीब पांच दशक बाद एक बार फिर सड़कों पर दौडेगी। ब्रिटेन की बोरहम मोटरवर्क्स ने फोर्ड मोटर कंपनी के आधिकारिक लाइसेंस के तहत नई फोर्ड एस्कॉर्ट एमके1 आरएस को पेश किया है। यह वापसी आधुनिक तकनीक और क्लासिक डिजाइन का एक अनूठा संगम मानी जा रही है। कंपनी का दावा है कि यह कार पूरी तरह नए सिरे से विकसित की गई है, और यह न तो पारंपरिक रेस्टोमॉड है और न ही पुराने मॉडल का साधारण विस्तार। नई एस्कॉर्ट एमके1 आरएस के निर्माण में अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है, जिसमें कार्बन फाइबर, बिलेट एल्युमिनियम और उन्नत इंजीनियरिंग शामिल है। इसकी सबसे बड़ी खासियत 10,000 आरपीएम तक घूमने में सक्षम अत्यधिक शक्तिशाली इंजन का विकल्प है। बेहतर प्रदर्शन और हैंडलिंग सुनिश्चित करने के लिए, कार के पिछले हिस्से में विशेष फ्लोटिंग रियर एक्सल सिस्टम लगाया गया है, जिसमें एल्युमिनियम कास्टिंग और टाइटेनियम ट्यूबिंग का उपयोग किया गया है। इंजन विकल्पों की बात करें तो, कार में 1.8 लीटर ट्विन-कैम इंजन उपलब्ध होगा, जो लगभग 180 हॉर्सपावर की क्षमता प्रदान करता है। वहीं, प्रदर्शन के शौकीनों के लिए 325 हॉर्सपावर वाला एक दूसरा, अधिक शक्तिशाली इंजन विकल्प भी रखा गया है। बोरहम मोटरवर्क्स इस एक्सक्लूसिव मॉडल की केवल 150 यूनिट्स का निर्माण करेगी, जिससे इसकी विशिष्टता और भी बढ़ जाती है। सुदामा/ईएमएस 16 जून 2026