क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


- एनटीपीसी लारा के नाम पर वाहन हड़पकर 5.20 लाख में बेचा, फर्जी पहचान से की ठगी रायगढ़(ईएमएस)। जिले में ट्रेलर को किराये पर लेकर उसे बेच देने का एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एनटीपीसी लारा में वाहन चलाने का झांसा देकर आरोपी ने न सिर्फ वाहन मालिक को गुमराह किया, बल्कि फर्जी पहचान और भरोसे के नाम पर ट्रेलर को हड़पकर उसे रायपुर में 5.20 लाख रुपये में बेच दिया। यह मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है। गोरखा निवासी हरदीप सिंह ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वर्ष 2024 में एक व्यक्ति ने खुद को राकेश डनसेना बताते हुए उनसे संपर्क किया था। आरोपी ने दावा किया कि उसे एनटीपीसी लारा परियोजना में ट्रेलर की आवश्यकता है और वह वाहन को किराये पर लेकर नियमित भुगतान करेगा। दोनों पक्षों के बीच 80 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर सहमति बनी थी। इसके बाद 7 नवंबर 2024 को विधिवत किरायानामा तैयार किया गया। भरोसा कायम करने के लिए आरोपी ने अमानत के तौर पर एक ब्लैंक चेक भी वाहन मालिक को दिया था, जिससे मालिक को किसी प्रकार की आशंका नहीं हुई। हालांकि वाहन लेने के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर बंद कर लिया और संपर्क पूरी तरह टूट गया। न तो वाहन का किराया दिया गया और न ही ट्रेलर वापस किया गया। लगातार प्रयासों के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि खुद को राकेश डनसेना बताने वाला व्यक्ति असल में पुसौर क्षेत्र का रहने वाला सुदामा प्रधान उर्फ छोटू है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर पहले से ही वाहन बेचने की योजना बनाई थी। जांच में यह भी सामने आया कि ट्रेलर को रायपुर ले जाकर 5.20 लाख रुपये में बेच दिया गया और प्राप्त राशि दोनों आरोपियों ने आपस में बांट ली। इस तरह वाहन मालिक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। कोतरा रोड पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी के साथ जुड़े अन्य लोगों और वाहन खरीदने वालों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ऐसे मामलों में फर्जी पहचान के आधार पर वाहन किराये पर लेकर उसे बेचने का संगठित नेटवर्क भी सक्रिय हो सकता है, जिसकी गहराई से जांच की जा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)16 जून 2026