क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


- रेलवे का चोरी का सामान समेत 14.25 लाख की जब्ती बिलासपुर (ईएमएस)। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बिल्हा पुलिस और रेलवे विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कबाड़ी के ठिकाने से भारी मात्रा में संदिग्ध एवं चोरी का कबाड़ बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान रेलवे संपत्ति से जुड़े लोहे के पार्ट्स, रेल लाइन में उपयोग होने वाले उपकरण तथा अन्य कबाड़ सामग्री जब्त की गई है। पुलिस ने इस मामले में सात लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिलेभर में अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। बिल्हा पुलिस को सूचना मिली कि बिल्हा निवासी इमरान कुरैशी अपने कबाड़ गोदाम में बड़ी मात्रा में संदिग्ध कबाड़ एकत्र कर वाहनों में लोड करा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना बिल्हा पुलिस और रेलवे विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान कबाड़ दुकान परिसर और वहां खड़े छोटा हाथी वाहन क्रमांक सीजी 10 बीपी 3903 तथा पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 10 बी जेड 1208 की तलाशी ली गई। कबाड़ी नहीं दिखा पाया दस्तावेज तलाशी के दौरान टीम को रेलवे लाइन में उपयोग होने वाले लोहे के लाइनर, रेलवे चाबी, लोहे के एंगल, प्लेट, सरिया, लोहे के पाइप, कांटेदार तार सहित बड़ी मात्रा में अन्य लोहे का कबाड़ मिला। जांच के दौरान आरोपियों से जब्त सामग्री के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे कोई संतोषजनक दस्तावेज नहीं दिखा सके। पुलिस ने मौके से कुल 83 क्विंटल 15 किलोग्राम वजन का कबाड़ जब्त किया। इसके साथ ही कबाड़ ढोने में इस्तेमाल किए जा रहे दोनों वाहनों को भी कब्जे में लिया गया। जब्त कबाड़ और वाहनों की कुल कीमत लगभग 14 लाख 25 हजार 500 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में इमरान कुरैशी सहित सात लोगों के खिलाफ बीएनएसएस, भारतीय न्याय संहिता और रेलवे संपत्ति (अनधिकृत कब्जा) अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। लंबे समय से खपा रहा था चोरी का माल पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी लंबे समय से चोरी का कबाड़ खरीदने और उसे खपाने के कारोबार से जुड़ा हुआ था। पुलिस अब जब्त सामग्री के स्रोत और चोरी के नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ कारोबारियों, चोरी का माल खरीदने वालों और ऐसे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। रेलवे संपत्ति की चोरी और उसके अवैध कारोबार पर विशेष नजर रखी जा रही है। - 16 जून 2026