* प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन से की सौजन्य भेंट-मुलाकात कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत बालकोनगर की प्रतिभाशाली बालिका पर्वतम योद्धा ने दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कथक नृत्य प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल कर कोरबा जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिली इस उपलब्धि के बाद उन्होंने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन से सौजन्य भेंट-मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किये। पर्वतम योद्धा अपने पिता के साथ कोहड़िया स्थित कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन के निवास कार्यालय पहुंचीं, जहां कैबिनेट मंत्री ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कथक नृत्य प्रतियोगिता में मिली सफलता पर बालिका को बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि कोरबा की बेटियां अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के दम पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश की पहचान मजबूत कर रही हैं। पर्वतम योद्धा की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है और अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। कला और संस्कृति के क्षेत्र में युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा। ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों की सफलता यह साबित करती है कि यदि अवसर और प्रोत्साहन मिले तो छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं वैश्विक मंचों पर भी अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।